SwadeshSwadesh

मुंबई में मिले कोरोना वायरस के 2 संदिग्ध मरीज

- कस्तूरबा अस्पताल में उपचार के लिए स्वतंत्र विभाग शुरू

Update: 2020-01-24 14:42 GMT

मुंबई। मुंबई शहर में खतरनाक कोरोना वायरस के दो संदिग्ध मामले पाए गए हैं। इन दोनों संदिग्ध मरीजों का इलाज चिंचपोकली स्थित कस्तूरबा अस्पताल में हो रहा है। इसे देखते हुए मुंबई महानगर पालिका सतर्क हो गया है। मुंबई महानगरपालिका की कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मजा केसरकर ने बताया कि चिंचपोकली में स्थित कस्तूरबा अस्पताल में कोरोना वायरस से निपटने के लिए अलग से विभाग बनाया गया है।

पद्मजा केसरकर ने बताया कि चीन से मुंबई आए इन दोनों संभावित मरीजों को सर्दी और खांसी की तकलीफ हो रही थी। इसी वजह से इन दोनों की मेडिकल जांच जारी है। डॉ. केसरकर ने बताया कि कोरोना वायरस से पीड़ित चीन से लौटने वाले यात्रियों को तत्काल कस्तूरबा अस्पताल में भेजने की सूचना मुंबई विमानतल अधिकारियों को दी जा चुकी है। महाराष्ट्र सरकार की ओर से भी कोरोना वायरस से निपटने के लिए कस्तूरबा अस्पताल को मदद की जा रही है। देश के हवाई अड्डों पर चीन से आने वाले यात्रियों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

उल्लेखनीय है कि चीन में कोरोना वायरस से अब तक 25 मरीजों की मौत हो चुकी है। अकेले चीन के हुबेई प्रदेश में इस खतरनाक वायरस से 24 लोगों की मौत हुई है। चीन के 20 प्रदेशों में 1072 कोरोना वायरस पीड़ित मरीज होने के मामले प्रकाश में आए हैं। विश्व स्तर पर स्वास्थ्य संगठन इस खतरनाक वायरस से निपटने का प्रयास कर रहा है। 

Tags:    

Similar News