SwadeshSwadesh

सूर्य देवता ने उगली आग, पारा 41 के पार

Update: 2019-03-30 15:36 GMT

तीन दिन में पाँच डिग्री बढ़ा दिन का पारा, रात का तापमान भी हुआ 21 के पार

गुना/निज प्रतिनिधि मार्च की विदाई में गर्मी ने अपना रौद्र रुप दिखाना शुरु कर दिया है। ठंड की क्लोजिंग तो हफ्ते भर पहले ही हो चुकी थी, किन्तु अब वित्तीय वर्ष की क्लोजिंग में सूर्य देवता ने आग उगलनी शुरु कर दी है। पारा तो जैसे हिरण की तरह कुलाचें भरने में लगा हुआ है। पिछले तीन दिन में इसमें पाँच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई है। शनिवार को यह 41 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। इसके साथ ही रात का तापमान भी बढ़ता हुआ 21 डिग्री सेल्सियस के पार हो चुका है। गर्मी के इन तेवरों ने लोगों की हालत खराब करके रखी है।

दिन भर चलती रहीं गर्म हवाएं


मौसम में अचानक परिवर्तन आया है। हालांकि गर्मी ने हफ्ते भर पहले से ही असर दिखाना शुरु कर दिया था, किन्तु पिछले तीन दिनों से इसका रौद्र रुप देखने को मिल रहा है। तीन दिन में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई है। गुरुवार को 39, शुक्रवार को 40 और आज शनिवार को तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री अधिक रहा, वहीं रात का तापमान भी 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। गर्मी के तेवर शनिवार सुबह से ही सख्त देखने को मिल रहे थे। इस दौरान सूर्य देवता की तपिश जबर्रदस्त रही तो दिन भर गर्म हवाएं चलती रहीं। जो बीच-बीच में धूल भरी हवाओं में भी बदलीं।

स्कूल समय में हुआ परिवर्तन

भीषण गर्मी व आगामी समय में लू की आशंका के चलते को ध्यान में रखते हुए शासन ने स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक शालाओं का संचालन सुबह 7 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। दोपहर 12:30 बजे के पश्चात शालाओं का संचालन न किया जाए।

पिछले साल से अधिक रहा तापमान

मार्च माह में अब तक का सबसे अधिक तापमान शनिवार को दर्ज हुआ। पिछले साल 30 मार्च को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। शनिवार को सुबह 11 बजे ही तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।  

Similar News