मोमबत्ती जलाकर दी मासूमों को श्रद्धांजलि
-निज प्रतिनिधि-
गुना। सतना जिले के चित्रकूट में अपहरण के बाद दो स्कूली बच्चों की हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने जयस्तंभ चौराहे पर मोमबत्ती जलाकर मासूम बच्चों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पीडि़त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था को लेकर रोष जताया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह सिकरवार ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद कानून व्यवस्था चरमरा गई है, हत्या और अपहरण जैसी घटनाएं आए दिन हो रहीं है। सतना में 12 फरवरी को एक व्यापारी के दो पुत्रों का अपहरण कर 12 दिन बाद उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि मंत्री और विधायक स्थानांतरण उद्योग में जुटे हैं और अधिकारी उनके साथ मनमानी पदस्थापना कराने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में जल्दी ही कानून व्यवस्था की स्थिति नहीं सुधरी तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर विधायक गुना गोपीलाल जाटव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चिंता जनक हो गई। अब लोगों को बच्च्चों को स्कूल भेजने में डर लगता है,बदमाश दिन दहाड़े बच्चों का अपहरण कर रहे हैं, फिरौती ले रहे हैं और उनकी हत्या तक कर रहे है। इस मौके पर भाजपाजनों ने दो मिनट का मौन भी रखकर ईश्वर से दोनों बच्चों को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।