अचानक बदला मौसम, पारा 34 पार
-निज प्रतिनिधि-
गुना। मौसम ने जबर्रदस्त तरीके से पलटा मारा है। पहले दो दिन में ही सर्दी से गर्मी का मौसम आ गया है। जहां दो दिन पहले लोग सर्दी का एहसास कर रहे थे, वहीं गुरुवार को उन्हे गर्मी का सितम झेलना पड़ गया। इस दौरान दिन भर सूर्य देवता ने लोगों को झुलसाया तो पंखे चल पड़े। तापमान चार डिग्री सेल्सियस की लंबी छलांग के साथ 34 डिग्री सेल्सियस को पार गया है, वहीं रात का तापमान भी बढक़र 17 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है।
शाम को भी नहीं लगी ठंड
दो दिन में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दोपहर के समय लोगों के पसीने छूटे, जिसके कारण लोगों को पंखों का सहारा लेना पड़ा। शाम को भी ज्यादा ठंड नहीं लगी। गर्म कपड़े पहनने पर गर्मी का अहसास हाता रहा। दो दिन पहले तक न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस था। गुरूवार को यह 17.5 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 30 से बढक़र 34.2 पर पहुंच गया है। मौसम के इस तरह बदले तेवरों से हर कोई हैरान है, वहीं इस बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ेगा।