-निज प्रतिनिधि-
गुना। विधानसभा चुनाव में हुई करारी हार के बाद से ही भाजपा में मुखिया बदलने को लेकर लग रहीं अटकलों को बुधवार को विराम लग गया है। जिलाध्यक्ष के रुप में भाजपा की कमान युवा नेता गजेन्द्र सिंह सिकरवार को सौपी गई है, वहीं अब तक जिलाध्यक्ष रहे राधेश्याम पारीक को प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रुप में स्थान दिया गया है। गजेन्द्र वर्तमान में जिला महामंत्री का दायित्व निभा रहे है। इसके साथ ही अब तक वह संगटन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके है। उनके नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का वातावरण है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि इससे संगठन को मजबूती मिलेगी। खुद श्री सिकरवार ने अपनी नियुक्ति के लिए वरिष्ठ नेतृत्व का आभार माना है।
चुनावी नतीजों के बाद से ही चल रहीं थीं चर्चाएं
विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद से ही जिले भाजपा अध्यक्ष को बदले जाने की चर्चाएं सुनने को मिल रहीं थीं। गौरतलब है कि जिले की चार विधानसभाओं में से महज एक विधानसभा गुना भाजपा के हिस्से में आई है। शेष में उसे हार का सामना करना पड़़ा है। इन चर्चाओं को और बल तब मिला, जब प्रदेश स्तर पर संगठन में सर्जरी की बात उठी और हाल ही में कई जिलों के मुखियाओं को बदल दिया गया। हालांकि तब गुना जिले का बदलाव रह गया था। जो बुधवार को हो गया।
सिर्फ दो जिलाध्यक्ष बदले
प्रदेश कार्यालय मंत्री सत्येन्द्र भूषण सिंह के हवाले से जारी पत्र में दो जिलों के जिलाध्यक्ष बदले जाने की जानकारी दी गई है। जिसमें गुना के अलावा छतरपुर के जिलाध्यक्ष भी बदले गए है। बहरहाल श्री सिकरवार के जिलाध्यक्ष बनने की खबर आम होते ही उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगना शुरु हो गया। भाजपाजनों ने श्री सिकरवार का मुँह मीठा कराकर उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया।