बड़े पुल से नीचे गिरने से बची कार

Update: 2019-02-10 15:54 GMT

डिवायडर से टकराई, काफी देर तक आवागमन बाधित

-निज प्रतिनिधि-

गुना। तेज गति से दौड़ती चली आ रही एक कार शहर के बड़े पुल से नीचे गिरने से बाल-बाल बच गई। हादसा रविवार की शाम हुआ और इसमें दो युवक मामूली रुप से चोटिल हुए है। हादसे में कार बड़े पुल पर दोनों पुलों के बीच में बने डिवायडर से टकरा गई। जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे के बाद काफी देर तक मार्ग पर जाम लगा रहा। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

तेज गति बनी कारण

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार की शाम हनुमान चौराहा तरफ से एक कार तेज गति से आ रही थी। जो बड़े पुल पर सीधे जाकर डिवायडर से भिड़ गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि जोरदार धमाका हुआ। हादसे में कार तो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई ही, साथ ही सीमेन्ट, चिनखारी का डिवायडर भी टूट गया। कार में घटना के समय दो युवक सवार थे, जिन्हे मामूली चोटें आईं है।

मौके पर जमा हुआ हुजूम

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में हुजूम जमा हो गया। इसके चलते मार्ग पर जाम लग गया। उल्लेखनीय है कि यह शहर का सबसे ज्यादा व्यस्ततम मार्ग है। थोड़ी ही देर में वाहनों की लंबी कतार दोनों ओर लग गई। जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवागमन को को दुरुस्त कराया। इस दौरान काफी देर तक लोग परेशान होते रहे।

पहले भी हो चुके है हादसे

उक्त स्थान पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके है। एक, दो बार तो वाहन पुल से नीचे भी जा गिरे है। दरअसल उक्त स्थल दुर्घटनाओं को लेकर काफी संवेदनशील हो गया है। यहां दो पुल और डिवायडर बनाकर दोनों पुल के बीच में जगह छोड़ी गई है। पुराना पुल अपेक्षाकृत संकरा है। इसके चलते इस पुल से निकलते समय वाहन बीच में डिवायडर से टकरा जाते है। हादसों का कारण इस मार्ग पर बढ़ता यातायात का दबाव भी है। चौबिसों घंटे यहां वाहनों की रेलमपेल मची रहती है। लोगों का मानना है कि हादसों को रोकने के लिए दोनों पुल के बीच की जगह को खत्म किया जाना चाहिए। 

Similar News