SwadeshSwadesh

प्रियदर्शिनी 18 से 9 दिन संसदीय क्षेत्र में

Update: 2019-02-08 15:26 GMT

कई कार्यक्रमों में लेंगी भाग, चल रहीं है चुनाव लडऩे की अटकलें

-निज प्रतिनिधि-

गुना। शिवपुरी-गुना संसदीय क्षेत्र से चुनाव लडऩे की अटकलों के बीच कांग्रेस महासचिव एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी श्रीमती प्रियदर्शनी राजे सिंधिया संसदीय क्षेत्र के ९ दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। प्रियदर्शनी राजे का यह दौरा १८ फरवरी से शुरु होगा, जो 26 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान प्रियदर्शिनी विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी। साथ ही महिला सम्मेलनों को भी संबोधित करेंगी।

सबसे आखिर में गुना पहुँचेंगी प्रियदर्शिनी

अपने दौरे के दौरान प्रियदर्शिनी संसदीय क्षेत्र के तीनों जिलों शिवपुरी, गुना और अशोकनगर में पहुंचेंगी। सबसे पहले वह शिवपुरी और सबसे बाद में गुना आएंगी। शिवपुरी में प्रियदर्शिनी चार दिन, अशोकनगर में तीन दिन और सबसे कम दो दिन गुना में रहेंगी। प्रियदर्शनी का दौरा १८ फरवरी से शुरू होगा। इस दौरान वे सबसे पहले शिवपुरी जिले में पहुंचेंगी और २१ फरवरी तक यहां रहेंगी। इसके बाद २२ से २४ फरवरी तक अशोकनगर जिले की विधानसभाओं का भ्रमण करेंगी । इसी क्रम में २५ व २६ फरवरी को प्रियदर्शिनी गुना में रहेंगी।

25 को गुना, 26 को बमौरी

प्रियदर्शिनी 25 फरवरी को गुना और 26 फरवरी को बमौरी के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह मतदान केन्द्र स्तर पर महिला कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगी। 26 फरवरी शाम को ६.३० बजे प्रियदर्शिनी ग्वालियर की ओर रवाना हो जाएंगी। प्रियदर्शिनी के दौरे को लेकर कांग्रेसी भी उत्साहित देखने को मिल रहे है।

दौरा पति के लिए या खुद के लिए?

प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया का यह दौरा खुद के लिए है या अपने सांसद पति ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए? यह सवाल उनका दौरा कार्यक्रम आने के बाद से ही चर्चाओं में आने लग गया है। गौरतलब है कि इस लोकसभा चुनाव में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के सीट बदलने को लेकर चर्चाएं चल रहीं है। सिंधिया ग्वालियर या फिर कहीं अन्य से चुनाव लड़ सकते है। इसके चलते उनकी पत्नी श्रीमती प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया के शिवपुरी-गुना संसदीय क्षेत्र से चुनाव लडऩे को लेकर अटकलें जोर पकडऩे लग गईं है। इसको लेकर प्रस्ताव भी कांग्रेस प्रदेश महासचिव योगेन्द्र लुम्बा ने हाल ही में कांग्रेस की एक बैठक में रखा था। इस बैठक में कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी भी मौजूद थे। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि प्रियदर्शिनी गत चुनावों में अपने पति के लिए समर्थन जुटाने संसदीय क्षेत्र में दौरे करती रहीं है। 

Similar News