आड़ा हुआ गेहूँ, धनिए को भी नुकसान

Update: 2019-02-07 16:03 GMT

ओले, बारिश से फसल को नुकसान, तापमान में भी गिरावट

-निज प्रतिनिधि-

गुना। मौसम के बिगड़े तेवरों के चलते गुरुवार रात को हुई बारिश, ओलावृष्टि एवं तेज हवा से जहां मौसम में बदलाव आया है तो फसल को भी नुकसान पहुंचा है। तेज हवा के चलते खेतों में खड़ी गेहूँ की फसल जहाँ आड़ी हो गई है तो धनिए एवं चना को भी नुकसान पहुँचा है। हालांकि नुकसान अधिक नहीं हुआ है, किन्तु किसान मुआवजा के मांग करने लग गए है। नष्ट फसल को लेकर किसान प्रशासन के दरवाजे पर भी पहुंचे। हालांकि कृिष विभाग कहीं भी नुकसान नहीं होने की बात कह रहा है। दूसरी ओर इस बारिश से मौसम में फिर एक बार ठंडक घुल गई है। इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है।

पूरे जिले में हुआ नुकसान

ओला, बारिश एवं तेज हवा के कारण फसल को पूरे जिले में नुकसान पहुँचा है। धरनावदा में गेहूुँ और धनिया की फसल को नुकसान पहुंचा है तो चांचौड़ा में चने की फसल प्रभावित हुई है। रुठियाई के घनश्याम यादव ने बताया कि गेहूूं के पौधे टूट कर खेतों में बिछ गए तो इस बारिश से धनिए की फसल भी काली पड़ सकती है। किसान रामदयाल, जगवीर, राजेन्द, मनोहारी आदि ने बताया कि फसल उम्मीदों की थी, किन्तु बारिश और ओले ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। जामनेर में किसानों ने फसल के नुकसान के मुआवजे की मांग की है।

मौसम में घुली ठंडक

बीती देर शाम की बारिश ओर ओलावृष्टि से मौसम में ठंडक घुल गई है। शुक्रवार की सुबह आसमान साफ हो गया और धूप भी निकली, किन्तु सर्द हवाएँ चलतीं रही, जिससे लोगों को सर्दी का एहसास हुआ। हवाएं दिन भर चलतीं रहीं। दिन का तापमान भी 30 डिग्री से गिरकर 22 डिग्री तक पहुँच गया है। रात का तापमान जरुर 10 डिग्री बना हुआ है। 

Similar News