भाजयुमो की संभागीय बैठक आयोजित
-निज प्रतिनिधि-
गुना। कांग्रेस की अल्पमत की सरकार भाजपा द्वारा चलाई गईं जनहितैषी योजनाओं को बंद कर रही है। तीर्थदर्शन जैसी पूज्यनीय योजना बंद कर दी गई है तो लाड़ली लक्ष्मी, भावांतर सहित अन्य योजनाओं को भी बंद करने की तैयारी की जा रही है। ऐसा करके कांग्रेस जनता को ही परेशानी कर रही है। कारण इन योजनाओं से जनता को काफी लाभ मिल रहा था। यह बात भाजपा के लोकसभा प्रभारी महैन्द्र यादव ने कही। श्री यादव भारतीय जनता युवा मोर्चा की संभागीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। होटल नवलोक में आयोजित बैठक में उन्न्होंने कहा कि, कार्यकर्ता कांग्रेस के इस कृत्य का पुरजोर विरोध करें।
♦ लोकसभा चुनाव में जुटें कार्यकर्ता : पारीक
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम पारीक ने कहा कि कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में पूरे मनोयोग के साथ जुट जाएं। उन्होने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐतिहासिक विकास कार्य किए है। इन विकास कार्यों को कार्यकर्ता जनता को बीच ले जाएं।
♦ दुनिया में बजाया डंका
युवा मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं ग्वालियर चंबल संभाग के प्रभारी सीपी मिश्रा ने कहा कि देश और दुनिया में भारत का डंका बज रहा है, यह कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है । कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को आत्मसात कर चुनाव में सफल योद्धा बनकर कठोर परिश्रम करे। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गौरव गर्ग जिलाध्यक्ष अध्यक्ष सुशील दहीफले आदि मौजूद थे।