पधारे भगवान बाहुबली, आदिनाथ भी रहे साथ

Update: 2019-01-30 17:16 GMT

-निज प्रतिनिधि-

गुना। भगवान बाहुबली का बुधवार को नगर में मंगल प्रवेश हो गया। उनके साथ भगवान आदिनाथ भी रहे। गाजे-बाजे, जयकारों के साथ भगवान की श्रद्धा से भव्य आगवानी की गई। भगवान का हनुमान चौराहे से नगर प्रवेश हुआ और यहां से उन्हे शहर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान जगह-जगह भगवान बाहुबली की आरती उतारी गई, पुष्प वर्षा की गई और पूजा अर्चना हुई। भगवान बाहुबली एवं भगवान आदिनाथ के दर्शन के लिए न सिर्फ जैन धर्मावलंबी बल्कि अन्य समाज के श्रद्धालु भी लालायित देखने को मिले। दर्शन की व्यवस्था लक्ष्मीगंज में की गई थी, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। दर्शन के पश्चात ज्ञानोदय तीर्थ क्षेत्र ले जाकर प्रतिमाओं को स्थापित किया गया। इस दौरान पूरे शहर में भक्ति एवं धर्म का वातावरण देखने को मिला। गौरतलब है कि भगवान बाहुबली की प्रतिमा 31 फिट की है, जिसे 50 फिट के ढांचे पर स्थापित किया गया। जिससे प्रतिमा कुल 81 फिट की हो गई। इसके साथ ही भगवान आदिनाथ की प्रतिमा 7 फिट की है।

हनुमान चौराहे शुरु हुई भव्य शोभायात्रा

भगवान बाहुबली एवं भगवान आदिनाथ की भव्य शोभायात्रा बुधवार सुबह हनुमान चौराहे से शुरु हुई। बैंड-बाजों के साथ शुरु हुई शोभायात्रा में सबसे आगे आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज एवं सुधार सागर जी महाराज जी चित्र के रुप में चल रहे थे। उनके पीछे विभिन्न रथों पर प्रतिमा स्थापना से जुड़े इंद्र-इंद्राणी एवं जैन समाज की महिलाएं विभिन्न संगठनों के तत्वावधान में एक सी वेशभूषा में चल रहीं थीं। उनके पीछे अनेक श्रद्धालु प्रतिमाओं की आगवानी करते हुए चल रहे थे। इसके बाद एक ट्रक में भगवान आदिनाथ की 7 फिट की पद्मासन प्रतिमा एवं फिर एक बड़े ट्रॉले में 31 फिट की भगवान बाहुबली की प्रतिमा थी। शोभायात्रा हाट रोड, नीचला बाजार, सदर बाजार, सुगन चौराहा होते हुए लक्ष्मीगंज पहुंची।

जगह-जगह हुआ स्वागत, बनाई रंगोली

शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया, वहीं भगवान बाहुबली एवं भगवान आदिनाथ की आरती उतारकर, पूजा अर्चना की गई। इस दौरान शोभायात्रा के रास्ते में आकर्षक रंगोली बनाई गईं थीं। इसके साथ ही जैन श्रद्धालुओं ने अपने घरों एवं संस्थानों के आगे शोभायात्रा की श्रद्धा से आगवानी कर भगवान की पूजा अर्चना की। इसके साथ ही जल सेवा भी की गई। बापू पार्क के समक्ष कांग्रेसियों ने शोभायात्रा का स्वागत कर दर्शन किए। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश महासचिव योगेन्द्र लुंबा, जिलाध्यक्ष वि_लदास मीना, सुनील शुभम आदि मौजूद रहे। लक्ष्मीगंज में आधे घंटे के लिए प्रतिमाओं को दर्शन के लिए रखा गया। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

वर्ष 2013 में स्थापित हुआ था सर्वोदय ज्ञान तीर्थ

दोपहर करीब 12 बजे प्रतिमाजी का रथ सर्वोदय ज्ञान तीर्थ क्षेत्र टोल नाका पहुंचा। जहाँ पर गुना विधायक गोपीलाल जाटव, नपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह सलूजा, कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार, एसपी राहुल लोढ़ा आदि ने भगवान के दर्शन किए। सर्वोदय ज्ञान तीर्थ क्षेत्र पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने चांदी का तिलक लगाकर प्रतिमाजी का तिलक दान किया। उल्लेखनीय है कि मुनि पुंगव सुधासागरजी के आशीर्वाद से सर्वोदय ज्ञान तीर्थ क्षेत्र का स्थापना वर्ष 2013 में हुई थी। इस भव्य मंदिर के साथ मुनिश्री की प्रेरणा से यहां संत सुधासागर गल्र्स पब्लिक स्कूल, कन्या छात्रावास भी निर्माणाधीन हैं। इसके साथ ही साथ ही दयोदय पशु संवर्धन केंद्र गौशाला भी तैयार हो चुकी है। इसके साथ ही संत शाला बनाने की भी तैयारी है।






Similar News