SwadeshSwadesh

पिपरिया में गोलियां चलीं, एक की मौत

Update: 2019-01-20 17:20 GMT


-निज प्रतिनिधि-

गुना। जिले के कैन्ट थानातंर्गत पिपरिया में रविवार दोपहर दो पक्षों में खूनी संघर्ष छिड़ गया। संघर्ष का कारण जमीनी विवाद सामने आ रहा है। इसके चलते जहां हथियारों का इस्तेमाल हुआ तो गोलियां भी चलाई गईं। इसमें एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई, वहीं दो अन्य घायल हुए है। इनमें एक की गंभीर हालत के चलते उसे उच्च उपचार के लिए भोपाल भेजा गया है।

सुबह मारपीट, दोपहर में हत्या

बताया जाता है कि पिपरिया गांव के रघुवंशी एवं कुशवाह समाज के दो परिवारों में जमीनी विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। समय-समय पर इनमें विवाद होते रहे है। रविवार को भी दोनों पक्षों में सुबह मारपीट हुई। उक्त मामला तत्समय तो किसी तरह शांत हो गया, किन्तु दोपहर में फिर एक बार दोनों पक्ष हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए। इस दौरान खूनी संघर्ष छिड़ गया। जिसमें गोलियां भी चलाईं गईं। इस दौरान एक गोली परमाल सिंह कुशवाह को लगने से उसकी मौत हो गई, वहीं उसके पुत्र ब्रजेश कुशवाह को भी गोली लगी है, वहीं दूसरे पक्ष से शिवकुमार रघुवंशी भी घायल हुआ है।

गंभीर घायल भोपाल रैफर

खूनी संघर्ष में घायल दोनों युवकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय मेंं भर्ती कराया गया। जहां गोली लगने गंभीर रुप से घायल हुए ब्रजेश कुशवाह की नाजुक हालत को देखते हुए उसे उच्च उपचार के लिए भोपाल भेजा गया है।

घायलों से मिले एसपी

घटना के बाद एसपी राहुल कुमार लोढ़ा जिला अस्पताल पहुँचकर घायलों से मिले। इसके साथ ही उन्होने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।


Similar News