गुना में बड़ा हादसा, भाजपा जिला मंत्री और सरपंच पति की सड़क हादसे में मौत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने जताया शोक

Update: 2024-04-10 06:56 GMT

गुना।  जिले के कोतवाली थानाक्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार कार ने एबी रोड किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में एक भाजपा का जिला मंत्री और दूसरा सरपंच पति है। घायल भी बीजेपी कार्यकर्ता है। बताया जा रहा है कि कार में सवार दो युवक कैंट स्थित शाशिव एकेडमी में पायलट बनने की पढ़ाई कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात भाजपा जिला मंत्री आनंद मगराना रघुवंशी न्यू सिटी कालोनी के बाहर कमलेश यादव (मोहनपुर पंचायत सरपंच पति) के साथ एबी रोड किनारे खड़े होकर सरपंच संघ के अध्यक्ष मनोज धाकड़ का इंतजार कर रहे थे। उनकी स्कूटी साइड में खड़ी थी। मनोज धाकड़ उनसे मिलने के लिए पैदल आ रहे थे। इतने में अंबेडकर चौराहे की तरफ से जा रही तेज रफ्तार कार ने तीनों को चपेट में ले लिया। इस हादसे में कमलेश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आनंद व मनोज घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। लेकिन दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए आनंद को भोपाल और मनोज को इंदौर रेफर कर दिया। वहीं आनंद ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि मनोज का इलाज जारी है।

सिंधिया ने जताया शोक 

इधर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर से गुना लौट रहे थे, तभी उन्हें सड़क हादसे की जानकारी लगी। इस पर लगभग 12 बजे सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों का हाल जाना। वहीं, उन्होंने दोनों पार्टी कार्यकर्ताओं के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए बुधवार के सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए। सिंधिया ने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि वो दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को इस विकट परिस्थिति का सामना करने की शक्ति दें। दुर्घटना में घायल हमारे कार्यकर्ता, मनोज धाकड़ जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घटना पर जताया शोक 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी घटना को शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुना में भाजपा कार्यालय के सामने हुए भीषण कार दुर्घटना में गुना भाजपा जिला मंत्री आनन्द रघुवंशी (मगराना) एवं कमलेश यादव जी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखदायी है। इस दुर्घटना में घायल हुए साथी के उपचार की समुचित व्यवस्था कर दी गई है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति दें एवं घायल साथी को शीघ्र ही पूर्णतः स्वस्थ करें।

Tags:    

Similar News