भुवनेश्वर/स्वदेश वेब डेस्क। विशिष्ट ओडिया फिल्म निर्माता अमीय पटनायक का शुक्रवार को देहांत हो गया। दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पटनायक व बीजद से राज्यसभा सांसद सौम्यरंजन पटनायक के भाई हैं। उनके निधन से ओडिया फिल्म इंडस्ट्री में शोक व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री पटनाय़क ने 80 के दशक में फिल्म निर्माण का कार्य शुरु किया था। हाकिम बाबू नामक फिल्म के जरिये उन्होंने इस क्षेत्र में प्रवेश किया था। इसके अलावा परदेसी बाबू, ममता मागे मूल, पुअ मोर कला ठाकुर आदि अनेक लोकप्रिय फिल्मों का उन्होंने निर्माण किया। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाली फिल्म तुलसी अपा फिल्म के भी निर्माता वही थे।