SwadeshSwadesh

रक्षा मंत्री ने नौसेना को दी यह हिदायत

Update: 2019-06-30 17:16 GMT

दिल्ली/विशाखापत्तनम। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ईस्टर्न नेवल कमांड की दो दिवसीय यात्रा पर शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम पहुंचे थे। उन्होंने आज रविवार को चीन का उल्लेख कर नौसेना को समंदर में और चौकन्ना रहने को कहा।

रक्षा मंत्री ने कहा कि मुझे लगता है कि भारतीय नौसेना हमारी एक्ट ईस्ट पॉलिसी का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है। हमारा पड़ोसी चीन अक्सर समुद्र में कोई न कोई गतिविधि करता रहता है। मुझे लगता है कि समुद्री इलाके में हमें अपनी सतर्कता को और बढ़ाने की जरूरत है। भारतीय नौसेना समय के साथ इसी तरह और मजबूत होती रहेगी।

इस दौरान रक्षा मंत्री ने नौसेना के आईएनएस शिवालिक और सबमरीन सिंधुकीर्ति का भी दौरा किया। गौरतलब है कि चीन हिंद महासागर में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की लगातार कोशिश कर रहा है। कई बार चीन की पनडुब्बी के हिंद महासागर क्षेत्र में होने की खबरें भी आई हैं। राजनाथ ने ट्वीट कर कहा कि अपने ही देश में डिजाइन हुए और बने अव्वल दर्जे के आईएनएस शिवालिक का दौरा किया। इसके बाद नेवी की सबमरीन सिंधुकीर्ति का भी दौरा किया। समुद्री चुनौतियों पर भारतीय नौसेना लगातार नजर बनाए हुए है और देश के समुद्री हितों की मजबूती से रक्षा कर रही है।

Similar News