SwadeshSwadesh

हादसा : सड़क दुर्घटना में टीडीपी नेता एवं पूर्व सांसद हरिकृष्णा का निधन

Update: 2018-08-29 05:33 GMT

हैदराबाद। अभिनेता से नेता बने तेलंगाना के टीडीपी नेता एवं पूर्व सांसद नंदमूरी हरिकृष्णा की नलगोंडा जिले में बुधवार सुबह हुई सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। वह 61 वर्ष के थे। इस दुर्घटना में उनके दो सहयोगी भी घायल हुए हैं। वह अविभाजित आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एनटी रामाराव के पुत्र थे।

नलगोंडा जिले के निकट अन्यप्रति गांव में बुधवार तड़के सुबह यह दुर्घटना हुई। इसमें हरिकृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको तत्काल कामिनेनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। उनके दोनों बेटे- कल्याण राम और जूनियर एनटीआर अस्पताल पहुंच गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हरिकृष्णा की कार दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर सड़क डिवाइडर पर चढ़ गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू बुधवार के अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर हैदराबाद के लिए हेलिकॉप्टर से निकल चुके हैं। हरिकृष्णा की बहन भुवनेश्वरी मुख्यमंत्री चंद्रबाबू की पत्नी हैं। हरिकृष्णा के मृत्यु की सुबह 7:50 बजे आधिकारिक रूप से पुष्टि की गई है। हरिकृष्णा आंध्रप्रदेश के नेल्लूर जिले के कावलि में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए हैदराबाद जा रहे थे। इसी दौरान यह दुर्घटना हुई है।चार साल पहले उनके पुत्र जानकीराम की नलगोंडा जिले में हुई सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। 

Similar News