SwadeshSwadesh

राहुल गांधी 'नफरत' फैलाने वाले अल्पेश ठाकोर को पार्टी से निकालें

Update: 2018-10-09 16:29 GMT

नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने मंगलवार को कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर पर नफरत का अभियान चलाने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी से उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है।

जावड़ेकर ने ट्वीट संदेश में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को नफरत अभियान चलाने के लिए पार्टी विधायक अल्पेश ठाकोर को निष्कासित करना चाहिए। उन्होंने साथी नागरिकों के खिलाफ अल्पेश ठाकोर द्वारा चलाए जा रहे इस नफरत अभियान पर कांग्रेस की राय भी स्पष्ट करने की मांग की।

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में आरोप लगाया कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में राष्ट्र विरोधी नारेबाजी करने वालों का साथ देने वाली कांग्रेस अब भारत को बांटने वालों के साथ खड़ी है।

उल्लेखनीय है कि गुजरात में उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के साथ हो रही हिंसक घटनाओं और पलायन पर चिंता जताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा था कि गरीबी से बड़ी कोई दहशत नहीं है| गुजरात में हो रहे हिंसा की जड़ वहां के बंद पड़े कारखाने और बेरोजगारी है। व्यवस्था और अर्थव्यवस्था दोनों चरमरा रहीं हैं| प्रवासी श्रमिकों को इसका निशाना बनाना पूर्णत गलत है। मैं पूरी तरह से इसके खिलाफ खड़ा रहूंगा|

उल्लेखनीय है कि पिछले माह 28 सितम्बर को गुजरात के साबरकांठा जिला में एक मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद वहां उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद वहां से लोगों का पलायन जारी है।

Similar News