रेहाना फातिमा गिरफ्तार, सबरीमाला मंदिर जाने से आई थीं सुर्खियों में

Update: 2018-11-28 08:18 GMT

कोच्चि/स्वदेश वेब डेस्क। केरल पुलिस ने सबरीमाला मंदिर में प्रवेश करने की कोशिशों के बाद सुर्खियों में आई महिला अधिकार कार्यकर्ता रेहाना फातिमा को यहां फेसबुक पर मंदिर के बारे में अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पथानामथिट्टा पुलिस की एक टीम ने मंगलवार को बीएसएनएल में कर्मचारी रेहाना को कोच्चि में उसके दफ्तर से गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार एक अय्यप्पा भक्त की शिकायत के आधार पर उनको सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने से जुड़ी धारा में गिरफ्तार किया गया है। मामले में केरल उच्च न्यायालय में रेहाना को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था।

रेहाना उस समय सुर्खियों में आई थीं जब उन्होंने हैदराबाद की एक पत्रकार कविता के साथ अक्टूबर में सबरीमाला मंदिर में प्रवेश करने की कोशिश की। हालांकि अय्यप्पा भक्तों की ओर से विरोध के चलते दोनों महिलाओं को लौटना पड़ा। उच्चतम न्यायालय के 10 से 50 वर्ष की महिलाओं को सबरीमाला मंदिर में प्रवेश देने की अनुमति देने संबंधी फैसले के बाद अय्यप्पा भक्त इसके खिलाफ एक अभियान चला रहे हैं।

रेहाना इससे पहले भी कई विषयों को लेकर सुर्खियों में रही हैं। दो बच्चों की मां रेहाना ने 'किस ऑफ लव' अभियान की शुरुआत की थी। 

Similar News