SwadeshSwadesh

राहुल गांधी ने कहा - स्वयं में एक संपूर्ण संस्था थे सोमनाथ चटर्जी

Update: 2018-08-13 07:52 GMT

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्वयं में एक संपूर्ण संस्था थे| किसी एक पार्टी के नहीं, सभी पार्टियों के नेता उनका बहुत सम्मान करते थे।

राहुल गांधी ने सोमवार ट्वीट कर कहा, 'मैं 10 बार सांसद रहे और लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी के निधन पर दुख प्रकट करता हूं। वह एक संस्था थे। सभी पार्टियों के सांसद उनका बहुत सम्मान और सराहना करते थे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।'

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने भी ट्वीट कर सोमनाथ चटर्जी के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। चटर्जी देश के सवश्रेष्ठ लोकसभा आध्यक्षों में से एक रहे| उनके संसदीयकाल के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

89 वर्षीय सोमनाथ चटर्जी का आज (सोमवार) सुबह को निधन हो गया। पिछले कई दिनों से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। उन्हें गुर्दे की बीमारियों की वजह से 10 अगस्त को कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दस बार लोकसभा सदस्य चुने गए चटर्जी को 1996 में उत्कृष्ट सांसद चुना गया था।

Similar News