SwadeshSwadesh

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने कहा, हमें बेटियों पर गर्व

Update: 2019-03-08 08:55 GMT

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को नारीत्व की महानता के उत्सव की संज्ञा देते शुक्रवार को सभी देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि हमें अपनी बेटियों पर गर्व है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने संदेश में कहा, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारत और विश्व की समस्त महिलाओं को मेरी बधाई। महिलाएं समाज का आधार और परिवार एवं राष्ट्र की प्रेरणा-स्रोत होती हैं। आइए, हम एक ऐसा भविष्य बनाएं जिसमें हर महिला और बेटी को समान अवसर सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि भारत की बेटियों ने अपनी सफलताओं से देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है। हमें अपनी बेटियों पर गर्व है।

उन्होंने कहा कि यह दिवस नारी शक्ति को समर्पित है। महिलाओं ने बदलते समय से कदमताल कर हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल की हैं और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मुझे विश्वास है कि भारतीय समाज महिला सशक्तिकरण की दिशा में अविराम प्रगति करता रहेगा और स्त्री-पुरुष समानता को निरंतर दिया जा रहा बढ़ावा हमारी बेटियों और समाज के लिए नए-नए अवसर लेकर आएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर, हम अपनी अदम्य नारी शक्ति को सलाम करते हैं। हमें कई निर्णय लेने पर गर्व है जिन्होंने महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाया है। प्रत्येक भारतीय को विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की शानदार उपलब्धियों पर गर्व है।

उल्लेखनीय है कि भारत के साथ-साथ दुनिया भर में 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस बार की थीम लिंगानुपात समानता है। थीम चयन का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है। प्रथम महिला दिवस 1909 में न्यूयॉर्क शहर में मनाया गया था।

Similar News