SwadeshSwadesh

370 हटाने का जम्मू कश्मीर समेत देश की जनता ने अभूतपूर्व समर्थन किया है : गृह मंत्री

Update: 2019-10-14 15:45 GMT

दिल्ली। मई में हुए लोकसभा चुनाव के बाद मोदी सरकार का सबसे बड़ा फैसला जम्मू कश्मीर को लेकर माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह फैसला भाजपा के लिए 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र और हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में ट्रम्प कार्ड साबित हो सकता है। सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह ने इंडिया टुडे के साथ इंटरव्यू में कश्मीर सहित विभिन्न मसलों पर सवालों के जवाब दिए।

शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाने के बाद जम्मू कश्मीर में शांतिपूर्ण स्थिति है। एक भी जगह कफ्र्यू नहीं है। सिर्फ 6 थानों में धारा 144 है। सेब का कारोबार आराम से चल रहा है। रोड पर यातायात चल रहा है। मस्जिदों में लोग प्रार्थनाएं भी कर रहे हैं। मेरा मानना है कि 370 के कारण जम्मू कश्मीर में विकास नहीं हो पाया था, भ्रष्टाचार काफी हुआ था।

इसकी जिम्मेदारी किसी की भी तय नहीं थी। 370 हटने के बाद अब वहां नीचे तक विकास पहुंचेगा। कुछ सांसदों ने संसद में कहा था कि रक्तपात होगा, खून की नदियां बहेंगी। मगर जम्मू कश्मीर में ऐसा कुछ नहीं हुआ। 370 के कारण वहां जनता का कुछ भला नहीं होता था, कुछ गिने-चुने नेताओं को 370 से फायदा होता था, ये बात अब स्पष्ट हो गई है।

हर देश का अपना एक व्यू होता है। दुनिया के सिर्फ तीन देशों ने 370 हटाने पर चुनिंदा सवाल उठाए हैं। बाकी पूरी दुनिया 370 हटाने में भारत के पक्ष में रही है और माना है कि ये भारत का आंतरिक मामला है। ये भारत की बड़ी कूटनीतिक सफलता है। भाजपा की नरेन्द्र मोदी सरकार ये मानती है कि ये देश की सीमाओं के अंदर कानून बनाना और उसको सही प्रकार लागू करना हमारा अधिकार है।

370 हटाने का जम्मू कश्मीर समेत देश की जनता ने अभूतपूर्व समर्थन किया है और जनता लामबंद होकर मोदी जी के साथ खड़ी है। भाजपा को कोई भी पर्दे के पीछे रहकर नहीं चलाता है, पार्टी का अपना संविधान है और उसी के अनुसार हमारी पार्टी चलती है। पार्टी को लेकर किसी भी तरह की अफवाह फैलाना गलत बात है। गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष ये दोनों काम मेरे लिए बराबर है। यहां भी मैं देश के लिए काम कर रहा हूं और भाजपा अध्यक्ष के रूप में भी देश के लिए ही काम कर रहा हूं। क्योंकि भाजपा के काम और देश के विकास में कोई अंतर नहीं है।

देवेंद्र फडणवीसजी के नेतृत्व में महाराष्ट्र का चुनाव चल रहा है और चुनाव के बाद भी वही मुख्यमंत्री बनेंगे। पीएमसी बैंक के मामले में जितना गबन है उससे ज्यादा प्रोपर्टी सीज कर ली गई है। पैसा सबका तो वापस आना ही है। उसकी प्रक्रिया है वो कुछ समय में पूरी हो जाएगी। अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जो स्थिति है उसकी तुलना में हमारी अर्थव्यवस्था अच्छी स्थिति में है। दुनिया में जीडीपी में गिरावट और अंतरराष्ट्रीय मंदी की तुलना में भारत की स्थिति बेहतर है। अगर इसका सही प्रकार अध्ययन किया जाएगी तो बात स्पष्ट होती है।

Tags:    

Similar News