SwadeshSwadesh

केसी राममूर्ति कांग्रेस को छोड़ भाजपा में हुए शामिल

Update: 2019-10-22 10:58 GMT

नई दिल्ली। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य केसी राममूर्ति ने पार्टी को अलविदा कह मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।

भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने राममूर्ति को प्राथमिक सदस्यता की पर्ची और अंगवस्त्र देकर उनको पार्टी में शामिल कराया।

इस अवसर पर केसी राममूर्ति ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' की नीति से प्रभावित हैं, इसलिए उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय किया। उन्होंने कहा कि आज मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत का सम्मान बढ़ा है।

राममूर्ति ने पिछले सप्ताह ही कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता और राज्यसभा से इस्तीफा दिया था। वह जून 2016 में राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। तब कर्नाटक की चार राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुआ था, जिनमें से तीन सीट कांग्रेस के और एक भाजपा के खाते में गई थी।

कांग्रेस से ऑस्कर फर्नांडिस, जयराम रमेश और केसी राममूर्ति राज्यसभा के लिए चुने गए थे, जबकि भाजपा से निर्मला सीतारमन राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुई थीं।

Tags:    

Similar News