SwadeshSwadesh

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा - पश्चिम बंगाल में एक बार फिर लोकतंत्र शर्मसार

Update: 2018-07-28 14:34 GMT

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार के शासनकाल में राजनीतिक हत्याओं ने लोकतंत्र को शर्मसार कर दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा की नवीनतम घटना में राज्य के चौबीस परगना जिले के मंदिर बाजारमंडल के सचिव शक्तिपदा सरदार की हत्या कर दी गई है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि तृणूमल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस घटना को अंजाम दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर इस घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में एक बार फिर लोकतंत्र शर्मसार हुआ है, भाजपा के मंडल सचिव शक्तिपदा सरदार की तृणमूल कांग्रेस के गुंडों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई।

उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। विजयवर्गीय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बंगाल पुलिस की लापरवाही एवं असहयोग से बंगाल में फिर एक बार लोकतंत्र शर्मसार हुआ है।

राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने इस घटना को तृणमूल कांग्रेस सरकार का राजनीतिक आतंकवाद बताया है। उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार की लोकप्रियता और जनाधार लगातार घट रहा है और इसी कारण वह हिंसा का सहारा ले रही है।

राज्य में पंचायत चुनावों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। दो भाजपा कार्यकर्ताओं के शव पेड़ से लटके पाए गए थे। भाजपा ने इसके लिए तृणमूल कांग्रेस को दोषी ठहराया था।

Similar News