SwadeshSwadesh

जयंत सिन्हा ने कहा - एयर इंडिया मुख्यालय की बिक्री प्रक्रिया शुरू

Update: 2018-08-02 10:38 GMT

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कंपनी एयर इंडिया के मुम्बई के नरीमन प्वाइंट इलाके में स्थित एयर इंडिया मुख्यालय के भवन को जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) को बेचने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह जानकारी नागर विमानन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने गुरुवार को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने बताया कि कायाकल्प योजना के अनुसार विभिन्न संपत्तियों का मौद्रीकरण आरंभ किया गया है, जिसका लक्ष्य वित्त वर्ष 2013 से 10 वर्षों की अवधि में 5000 करोड़ रुपये था। सरकार विभाग को एयर इंडिया भवन, नरीमन प्वाइंट की बिक्री के प्रस्ताव को नौवहन मंत्रालय के साथ उठाया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने भवन के मूल्य का पता लगाने और अधिग्रहण प्रक्रिया को शुरू करने के लिए मैसर्स कुशमैन एंड वेकफील्ड को परामर्शदाता नियुक्त किया है।

सिन्हा ने बताया कि एयर इंडिया के पास लगभग 4000 चित्रकलाएं हैं। एयर इंडिया के पास मौजूद चित्रकलाएं देश की बहुमूल्य विरासत हैं। सरकार ने निर्णय लिया है कि चित्रकलाओं को संस्कृति मंत्रालय को सौंप दिया जाएगा। चित्रकलाओं और कलाकृतियों को संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत एक संगठन, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट्स (एनजीएम) द्वारा सार्वजनिक हित के लिए संग्रहालय में संरक्षित और प्रदर्शित किया जाएगा। संस्कृति मंत्रालय ने कुछ लोगों की एक समिति बनाई है, जो कला संग्रह और पुनर्नवीकरण प्रक्रिया के अच्छी तरह से जानकार हैं और काम की निगरानी करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञता भी रखते हैं।

Similar News