SwadeshSwadesh

कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद सरकार में खाली पड़े 24 लाख पदों को भरा जाएगा : राहुल गांधी

Update: 2019-04-12 11:13 GMT
Image Credit : ANI Tweet

कृष्णागिरी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला बाेलते हुए कहा है कि हम कभी भी तमिलनाडु की जनता को नागपुर से शासित नहीं होने देंगे। उन्होंने एलान किया कि तमिलनाडु के अगले सीएम एमके स्टालिन ही होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष गांधी ने तमिलनाडु के कृष्णागिरी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। तमिलनाडु में विपक्षी पार्टियां राज्य में भारतीय जनता पार्टी पर अन्नाद्रमुक सरकार को रिमोट से चलाने का आरोप लगाती रहीं हैं।राहुल के अनुसार, राज्य पर नागपुर से शासन नहीं किया जाना चाहिए।नागपुर में भाजपा के राजनीतिक मेंटोर राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) का मुख्यालय है।

राहुल ने कहा कि हम तमिलनाडु को नागपुर के लोगों द्वारा नहीं चलाने देंगे। जब कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आएगी, किसानों को बैंक ऋण नहीं चुकाने के लिए जेल नहीं भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है कि बड़े उद्योगपतियों को बैंकों का ऋण नहीं चुकाने के लिए जेल नहीं भेजा जाता है, जबकि गरीब किसानों को ऐसा करने के लिए जेल भेजा जाता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 2019 के बाद, किसी भी किसान को ऋण नहीं चुकाने के लिए जेल नहीं भेजा जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और अन्य चीजों के लिए किसानों को पूर्व में ही जानकारी दे देगी, ताकि वे उसी अनुसार अपने फसलों के लिए योजना बना सकें।

उन्होंने गरीबों से वादा करते हुए कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर न्याय योजना के जरिए गरीब परिवारों की महिला के बैंक खाते में प्रतिवर्ष सीधे 72,000 रुपये दिए जाएंगे।

राहुल ने कहा कि एकबार जब इन पैसों को गरीब लोगों के बैंक खातों में डाल दिया जाएगा, गरीब आदमी उपभोग करना शुरू कर देगा और अर्थव्यवस्था फिर से दौड़ने लगेगी। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद सरकार में खाली पड़े 24 लाख पदों को भरा जाएगा और पंचायतों में खाली पड़े 10 लाख रिक्तियों को भी भरा जाएगा।

राहुल ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के लिए लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभाओं में आरक्षण की व्यवस्था करेगी। इसके अलावा महिलाओं के लिए केंद्र सरकार की नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। कांग्रेस तमिलनाडु में द्रमुकनीत गठबंधन में शामिल होकर चुनाव लड़ रही है।

Similar News