अशोकनगर और आनंदपुर धाम का विकास हमारी प्राथमिकता:... ... प्रधानमंत्री बोले "अशोकनगर में शोक आने से डरता है", आनंदपुर धाम में की संतों की तपस्या की प्रशंसा...
अशोकनगर और आनंदपुर धाम का विकास हमारी प्राथमिकता: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "अशोकनगर और आनंदपुर धाम जैसे क्षेत्रों ने देश को बहुत कुछ दिया है, अब इनका विकास करना हमारी जिम्मेदारी है। यह क्षेत्र कला, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध हैं। यहां विकास और विरासत को साथ लेकर चलने की अपार संभावनाएं हैं, और इसी दिशा में हम मध्यप्रदेश और अशोकनगर में तेज़ी से काम कर रहे हैं।"
राम वन गमन पथ का हो रहा विकास
पीएम मोदी ने आगे कहा, "एमपी सरकार अभी से उज्जैन सिंहस्थ की तैयारियों में जुटी है। हम पूरे देश में राम वन गमन पथ का विकास कर रहे हैं, जिसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा मध्यप्रदेश से होकर गुजरता है। एमपी पहले से ही अजब और गजब है, और इन योजनाओं से उसकी सांस्कृतिक पहचान और अधिक सशक्त होगी।"
2047 तक विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि "हमने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया है, और हमें पूरा विश्वास है कि हम इस संकल्प को अवश्य पूरा करेंगे।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि "विकास की दौड़ में कई देश अपनी संस्कृति और परंपराओं से कट गए, लेकिन भारत की विशेषता यही है कि हम अपने मूल को सहेजते हुए आगे बढ़ते हैं। हमारी संस्कृति ही हमारे सामर्थ्य की आधारशिला है।"