मूर्ति तोड़े जाने की घटनाओं पर गृह मंत्रालय ने राज्यों को दिया निर्देश

Update: 2018-03-07 00:00 GMT

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने त्रिपुरा, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में राजनेताओं और विचारकों की मूर्तियां तोड़े जाने की घटना की रोकथाम के लिए सभी राज्य सरकारों को एक एडवायजरी जारी की है। मंत्रालय ने इस एडवायजरी में राज्य सरकारों को कहा है कि वह इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाएं।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीटर पर इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं में शामिल व्यक्तियों के साथ कड़ाई से निपटा जाना चाहिए और कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए। राज्य सरकारों को ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने त्रिपुरा में लेनिन की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना की निंदा करते हुए कहा कि देश के कुछ हिस्सों से मूर्तियों को तोड़ने की जानकारी मिली है। गृह मंत्रालय ने बर्बरता की ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया है। श्री सिंह ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में सभी दलों से अपील की कि वे अपने कार्यकर्ताओं को मूर्ति तोड़े जाने की घटनाओं से दूर रहने को कहें।

उल्लेखनीय है कि त्रिपुरा के बेलोनिया उपमण्डल में कुछ लोगों ने रूसी क्रांति के नायक व्लादिमीर लेनिन की प्रतिमा को कल बुल्डोजर से गिराया दिया था जिसकी देशभर में निंदा हो रही है। लेनिन की प्रतिमा गिराए जाने के बाद तमिलनाडु में पेरियार की और पश्चिम बंगाल में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मूर्तियां गिराए जाने की घटनाओं को अंजाम दिया गया है।

Similar News