पेट्रोल और डीजल फिर बढ़ाएंगे महंगाई

Update: 2018-03-30 00:00 GMT

पेट्रोल 86 और डीजल के दाम 75 रुपए तक पहुंच सकते हैं!


ग्वालियर, न.सं. देश भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने फिर से आसमान छूना शुरू कर दिया है। वर्तमान में देश के कुछ शहरों में पेट्रोल 82 रुपए और डीजल 67 रुपए लीटर के ऊपर पहुंच चुका है। वहीं देश और प्रदेश की सरकारों ने पेट्रोल व डीजल के दामों को गंभीरता से नहीं लिया और पेट्रोल व डीजल पर टैक्स का दायरा कम नहीं किया तो आने वाले 20 से 22 दिनों में पेट्रोल 85 से 86 रुपए और डीजल 75 रुपए लीटर के आंकड़े को छू सकता है।

पेट्रोल और डीजल में होने वाली इस वृद्धि के कारण महंगाई एक बार फिर से सातवें आसमान को छू सकती है, जिसका सीधा असर आमजनों की जेब पर पड़ेगा और उन्हें अपनी जेब पहले की अपेक्षा अधिक ढीली करना होगी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सहित कोलकाता, मुम्बई एवं चेन्नई में पेट्रोल और डीजल के दामों में एक बार फिर से इजाफा हो गया है। वहीं ग्वालियर शहर में भी पेट्रोल 78.41 रुपए और डीजल 67.09  रुपए लीटर के स्तर पर बिक रहा है। वर्तमान में ग्वालियर शहर में प्रतिदिन पेट्रोल की बिक्री तीन लाख लीटर और डीजल की बिक्री पांच लाख लीटर है। पेट्रोल और डीजल पर जहां केन्द्र सरकार अमूमम 14 प्रतिशत टैक्स लेती है वहीं राज्य सरकार पेट्रोल पर 31 प्रतिशत और डीजल पर 24 प्रतिशत टैक्स लेती है। इस प्रकार से पेट्रोल और डीजल के मुख्य रेट पर लगभग 45 से 50 प्रतिशत का टैक्स सरकार के खाते में जाता है, जिससे 35 से 40 रुपए लीटर मिलने वाला पेट्रोल और डीजल आज 80 रुपए लीटर के पास पहुंच गया है। अगर सरकार ने वक्त रहते पेट्रोल और डीजल पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में पेट्रोल 86 रुपए लीटर और डीजल 75 रुपए लीटर के आंकड़े को पार कर सकता है ।

 

 

Similar News