समता एक्सप्रेस के इंजन में जानवर फंसा, एक घण्टे रुकी रही ट्रेन

Update: 2018-03-28 00:00 GMT

ताज व मंगला एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को बीच के स्टेशनों पर रोका

ग्वालियर|
मंगलवार को आगरा से ग्वालियर की ओर आ रही समता एक्सप्रेस की चपेट में एक जानवर आ गया, जिसके चलते ट्रेन दोपहर में एक घण्टे तक रायरू स्टेशन के पास रुकी रही। रेलवे के मैकेनिकल विभाग के कर्मचारियों एवं चालक की कोशिश से 45 मिनट बाद इंजन शुरू हुआ। इसके चलते ट्रेन 1 घण्टे 54 मिनट की देरी से ग्वालियर पहुंची।  

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर में समता एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से आगरा से 34 मिनट की देरी से रवाना हुई। ट्रेन जब रायरू के पास से गुजर रही थी तभी ट्रेन की चपेट में आकर एक जानवर कटकर इंजन में फंस गया, जिससे इंजन बंद हो गया और ट्रेन रुक गई। चालक ने इसकी सूचना स्टेशन व कंट्रोल को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे रेलवे मैकेनिकल विभाग के कर्मचारियों एवं ट्रेन चालक के प्रयासों से इंजन लगभग 45 मिनट बाद चालू हुआ। इस दौरान ट्रेन एक घण्टे तक रायरू स्टेशन पर रुकी रही। इसके बाद ट्रेन अपरान्ह 2 बजकर 12 मिनट पर ग्वालियर पहुंची। वहीं समता एक्सप्रेस के कारण आगरा से आ रही कई ट्रेनों को बीच के छोटे स्टेशनों पर रोकना पड़ा।

इन ट्रेनों को रोका बीच के स्टेशनों पर
मंगलवार को समता एक्सप्रेस की चपेट में जानवर आने से आगरा से आ रही ताज एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस, उदयपुर इंटरसिटी, चंडीगढ़ संपर्क क्रांति सहित मालगाड़ियों को बीच के छोटे स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इसके चलते ताज एक्सप्रेस 2 घण्टे 28 मिनट, उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 1 घण्टे 04 मिनट, मंगला एक्सप्रेस 01 घण्टे 05 मिनट की देरी से ग्वालियर पहंची।  

पंजाब मेल का इंजन दतिया में फेल
मंगलवार को ग्वालियर से झांसी की ओर जा रही पंजाब मेल का इंजन दतिया के पास फैल हो गया। इसके चलते यह ट्रेन एक घण्टे से अधिक समय तक दतिया के पास रुकी रही। चालक ने इसकी जानकारी तुरंत कंट्रोल को दी। इसके बाद इंजन की तकनीकी खराबी को दूर कर ट्रेन को झांसी के लिए रवाना किया गया। इंजन फैल होने के कारण पंजाब मेल अपरान्ह तीन बजे के बाद झांसी पहुंची।

Similar News