कारोबारियों के साथ नाइंसाफी नहीं होगी: मायासिंह

Update: 2018-03-26 00:00 GMT

चेम्बर में डायवर्सन शुल्क पर चर्चा, व्यापारियों में है रोष
ग्वालियर |
कारोबारियों के साथ कोई नाइंसाफी नहीं होगी। सरकार उनकी भावनाओं के साथ है। सरकार ऐसा रास्ता निकालेगी, जिससे व्यापारी भी खुश रहें और नियमों के तहत कर की अदायगी भी होती रहे। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती मायासिंह ने चेम्बर आॅफ कॉमर्स के पदाधिकारियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाते हुए कही।

डायवर्सन शुल्क एवं व्यापारियों की अन्य समस्याओं को सुनने के लिए श्रीमती मायासिंह रविवार को चेम्बर आॅफ कॉमर्स के सभाकक्ष में पहुंचीं थीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्यापारियों की हितैषी और कारोबार को बढ़ावा देने वाली सरकार काबिज है, इसलिए वे निश्चिंत होकर अपना व्यवसाय करें। श्रीमती सिंह ने चेम्बर आॅफ कॉमर्स के पदाधिकारियों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा दिए गए दोनों ज्ञापनों में दर्शाए गए सभी बिंदुओं पर भोपाल स्तर पर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। जरूरत महसूस होने पर मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री से भी इस मसले पर चर्चा करने की बात भी उन्होंने कही, साथ ही कहा कि ग्वालियर में भी नगर निगम व जिला प्रशासन के अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा की जाएगी। उन्होंने व्यापारिक प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनके द्वारा ध्यान में लाई गर्इं शिकायतों की वस्तुस्थिति जानी जाएगी। इसके लिए एक समिति गठित कर भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। श्रीमती सिंह ने कहा कि नगर तथा ग्राम निवेश, नगर निगम व जिला प्रशासन से संबंधित उनकी हर समस्या का नियमों के दायरे में हल निकालेंगे, साथ ही नगर तथा ग्राम निवेश के नियमों में परिवर्तन करते समय व्यापारियों के अच्छे सुझावों का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों को कोई पीड़ा नहीं होने देगी। व्यापारी छोटा हो या बड़ा सभी के हित में सरकार ऐसा हल निकालेगी, जो उन्हें खुशी दे। श्रीमती सिंह ने इस अवसर पर एक-एक कर सभी व्यापारिक प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। लक्ष्मीबाई कॉलोनी को कॉमर्शियल क्षेत्र घोषित करने संबंधी सुझाव पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर भी अधिकारियों से चर्चा कर उचित हल निकाला जाएगा। बैठक में चेम्बर आॅफ कॉमर्स के मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुरेश बंसल, संयुक्त मानसेवी सचिव जगदीश मित्तल, कोषाध्यक्ष गोकुल बंसल सहित व्यापारियों के प्रतिनिधिगण और कारोबारी मौजूद थे।

डायवर्सन नहीं डायनासौर है
मंत्री श्रीमती सिंह के समक्ष डायवर्सन को लेकर व्यापारी गुस्से में नजर आए। कार्यकारिणी सदस्य मनीष बांदिल ने कहा कि अधिकारियों द्वारा डायवर्सन नहीं डायनासौर की तरह व्यापारियों से कर वसूला जा रहा है। वहीं निर्मल जैन बोले कि अधिकारी जान बूझकर भाजपा को चुनावों में हरवाने के लिए षड़यंत्र कर गलत ढंग से कर की वसूली कर रहे हैं।

Similar News