साढ़े तीन लाख में थमाया नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र

Update: 2018-03-22 00:00 GMT

साढ़े तीन लाख में थमाया नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र
कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों ने धर दबोचा आरोपी को
ग्वालियर|  लोगों को नौकरी का झांसा देकर उन्हें संभागायुक्त और एसडीएम घाटीगांव गणेश जायसवाल के फर्जी हस्ताक्षरयुक्त नियुक्ति पत्र थमाकर रुपए ऐंठने वाले आरोपी को जिलाधीश कार्यालय के कर्मचारियों के सहयोग से एसडीएम घाटीगांव गणेश जायसवाल ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

ग्राम पूरव-पतई, तहसील महू, जिला चित्रकूट, उत्तर प्रदेश निवासी दीप नारायण सिंह पुत्र कंचन सिंह बुधवार को एसडीएम गणेश जायसवाल के कार्यालय में पंप अटेण्डर की नौकरी का एक ज्वाइनिंग लेटर लेकर पहुंचा था। उसने ज्वाइनिंग लेटर एसडीएम कार्यालय के कर्मचारियों के हाथ में सौंपते हुए पूछा कि यह लेटर इस कार्यालय से जारी हुआ है क्या? कर्मचारियों ने उसे बताया कि इस तरह नौकरी का कोई लेटर इस कार्यालय से जारी नहीं होता है।

उसने बताया कि एक युवक ने उससे 3.5 लाख रुपए लेकर उसे यह ज्वाइनिंग लेटर दिया है। वह भी कलेक्ट्रेट में उसके साथ आया है। कर्मचारियों के कहने पर वह उन्हें एक युवक के पास लेकर पहुंचा और बताया कि उसी ने ज्वाइनिंग लेटर उसे दिया है। कर्मचारियों ने उक्त युवक को पकड़ा तो उसने बताया कि ज्वाइनिंग लेटर उसे किसी अन्य युवक ने दिया था। कर्मचारी उसे पकड़कर एसडीएम गणेश जायसवाल के समक्ष लेकर पहुंचे। पूछताछ में पता चला कि यह युवक संभागाायुक्त एवं एसडीएम के नाम से और भी लोगों को ज्वाइनिंग लेटर जारी कर चुका है। एसडीएम श्री जायसवाल ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम अनमोल श्रीवास्तव निवासी आदित्यपुरम बताया। पूछताछ के बाद उक्त युवक को विश्वविद्यालय थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

पहली नियुक्ति निर्वाचन में: शासकीय नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपी ने पीड़ित युवक को चार पत्र सौंपे हैं। इनमें दो पत्र संभागायुक्त के हस्ताक्षर से जारी हुए हैं। खास बात यह है कि संभागायुक्त का पहला पत्र 24 नवम्बर 2017 को जारी किया गया है, जिसमें तत्कालीन संभागायुक्त एस.एन. रूपला के हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं। इसी प्रकार दूसरा पत्र 8 फरवरी 2018 को जारी करना बताया गया है, जिसमें संभागायुक्त बी.एम. शर्मा के फर्जी हस्ताक्षर करने की कोशिश की गई है।

यह लिखा है पत्रों में
संभागायुक्त के हस्ताक्षर से जारी पत्र में शासन के पत्र क्रमांक 1275 दिनांक 30.01.2018 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि जिन आवेदकों की सूची जारी हो चुकी है, उनका पदस्थापना आदेश जारी किया जाए। आवेदक का पदस्थापना आदेश दस्तावेजों के वैरीफिकेशन के बाद ही जारी किए गए हैं। आवेदकों की चयन सूची ट्रेजरी कार्यालय से अनुमोदित हो चुकी है। समस्त आवेदकों को उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 2014 की भर्ती मानकर एरियर जनवरी 2018 तक का प्रदाय किया जाएगा। इसी प्रकार प्रभारी अधिकारी/संयुक्त कलेक्टर ग्वालियर के स्थान पर एसडीएम गणेश जायसवाल के फर्जी हस्ताक्षर वाले सूचना पत्र में आवेदकों को बताया गया है कि आपका चयन म.प्र. शासन द्वारा पंप अटेण्डर के पद पर नियमित रूप से किया गया है। राज्य शासन के यहां पंप आॅपरेटर के पद मार्च 2018 के पश्चात रिक्त हो पाएंगे। अत: समस्त चयनित सूची वाले पम्प अटेण्डर, क्लर्क, कम्प्युटर आॅपरेटर, सर्वेट सभी की नियुक्ति निर्वाचन कार्यालय में की जा रही है। मूल वेतन एवं अन्य सभी महंगाई भत्ते मान्य होंगे। अत: आज दिनांक 6 मार्च 2018 को कार्यालयीन समय में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।

Similar News