विकास की रफ्तार में पिछड़ा शहर, विकास कार्यों का मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा
पीएस कल करेंगे विकास कार्यों की समीक्षा, निगम में मचा हड़कंप
ग्वालियर| स्मार्ट सिटी योजना में शामिल होने के बाद भी शहर के विकास की गति में पिछड़ने का मामला अब भोपाल तक पहुंच गया है। मामले के तूल पकड़ने के बाद अब स्वयं प्रमुख सचिव विवेक अग्रवाल गुरूवार को ग्वालियर आकर शहर में वर्षो से कछुआ गति से चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा करेंगे। प्रमुख सचिव के आने की सूचना मिलते ही निगमायुक्त ने अपने अधीनस्थों को विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे विकास कार्यो की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए है। इसके बाद से विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताया गया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास शहर के विकास कार्यो में पिछड़ने की बात पहुंच चुकी है। शहर को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल हुए 2 वर्ष बीत जाने के बाद भी शहर में कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा है। पेयजल संकट हो या यातायात की समस्या अथवा अन्य जन समस्याएं सभी मंद पड़ी है। जिला प्रशासन तथा नगर निगम विकास कार्यो के नाम पर केवल ढिंढोरो पीट रहा है। प्रदेश सरकार में शहर के मंत्री भी इस मामले में अधिकारियों की राम कहानी सुनकर तंग आ चुके है। विकास कार्यो का यह मामला अब भोपाल में मुख्यमंत्री तक पहुंच चुका है। जिसके चलते गुरूवार को प्रमुख सचिव विवेक अग्रवाल खुद ग्वालियर आकर विकास कार्य देखेंगे।
प्रमुख सचिव विवेक अग्रवाल गुरूवार को ग्वालियर पहुचेंगे। जहां वह स्मार्ट सिटी, अमृत, हॉउसिंग फॉर आॅल व एनयूएलएम जैसी योजनाओं में प्रगति की समीक्षा करेंगे। प्रमुख सचिव के आने खबर के बाद देर रात तक सभी अधिकारी अपने दस्तावेजों को तैयार करते हुए दिखाई दिए।
बैठक में सभी अधिकारियों की लगाई क्लास
मामला भोपाल तक पहुंचने के बाद जब निगमायुक्त को पता चला कि प्रमुख सचिव ग्वालियर आ रहे है, तो उन्होंने मंगलवार को स्मार्ट सिटी, अमृत, हॉउस फॉर आॅल व एलयूएलएम, स्वच्छता अभियान, चंबल से पानी लाने की योजना को पूरा करने में लगे अधिकारियों की क्लास ले डाली।