SwadeshSwadesh

असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की जीत का पर्व है विजया दशमी : चौहान

Update: 2017-09-29 00:00 GMT

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  नंदकुमारसिंह चौहान और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने विजय दशमी के मांगलिक पर्व पर जन-जन के मंगल की कामना की है। उन्होंने कहा कि अवधारणा है कि नवरात्रि के दौरान ही श्रीराम और रावण का युद्ध हुआ था और नवरात्रि के समापन दशमी के दिन रावण पर विजय प्राप्त की थी, इसलिए दशहरा का दिन सभी कार्योें के लिए शुभ माना जाता है। जन-जन पर्व के आल्हाद में कर्तव्य पथ पर अग्रसर होता है।

उन्होंने कहा कि श्रीराम धर्म और आदर्श की प्रतिमूर्ति हैं। उनकी कर्तव्य परायणता, त्याग ने ही भरत को जनसेवक के रूप में विरागभाव से राज्य संचालित करने की प्रेरणा दी। राम ने जब वन गमन किया प्रजा व्याकुल थी उनके साथ सीता माता और भाई लक्ष्मण थे। उन्होंने पगडंडी नापते हुए अत्याचार का सामना किया। समाज में समरसता का विस्तार कर समर्थन जुटाया और रावण के अत्याचारों से मुक्ति दिलायी। भौतिक, दैविक आपदाओं का श्री राम ने अविचलित हुए बगैर साहस के साथ सामना किया और विजय पायी। राज्यारोहण और 14 वर्ष के वनवास की आज्ञा पर उनका सौम्य शालीनता, धैर्य और साहस समान रहा। यह हमारे लिए बड़ा संदेश है।

चौहान ने कहा कि विजय दशमी रामजी की रावण पर अभूतपूर्व विजय का उत्सव है जो हमें कर्तव्य पथ पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। आज हमारे सामने गरीबी, निरक्षरता जैसी जो चुनौतियां है उनको देश निकाला देने के लिए सभी को साथ लेकर जुटना है। उन्होंने पार्टी जन को दशहरा की बधाई देते हुए समाज सेवा में निरंतर तत्पर रहने का आव्हान किया है।

Similar News