SwadeshSwadesh

डोकलाम विवाद : चीन ने भारत में रह रहे अपने नागरिकों को किया अलर्ट जारी

Update: 2017-08-24 00:00 GMT

नई दिल्ली। डोकलाम विवाद को लेकर चीन और भारत के बीच चल रही तनातनी के बीच चीन ने भारत में रह रहे अपने नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है। दरअसल चीन ने भारत में बसे अपने नागरिकों के लिए गुरुवार को एडवाइजरी जारी की है। भारत में चीनी उच्चायोग ने भारत में बसे अपने सभी नागरिकों को कहा है कि वे अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें। साथ ही एडवाइजरी में कहा गया है कि वे भारत में आपदा और बीमारियों से भी खुद को सुरक्षित रखें। ज्ञातव्य है कि इस तरह की एडवाइजरी चीन अपने नागरिकों को पहले भी जारी कर चुका है। दो माह में चीन ने यह दूसरी बार इस तरह की एडवाइजरी जारी की है। पिछली बार चीन ने 8 जुलाई को अपने नागरिकों को इस तरह की चेतावनी दी थी।

विदित है कि डोकलाम विवाद को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में खटास आ गई है। जहां भारत इस मुद्दे को बातचीत के जरिए हल करने की बात कर रहा है। वहीं चीन इस मामले में लगातार भारत को युद्ध की धमकी दे रहा है। साथ ही चीनी मीडिया लगातार भारत के खिलाफ जहर उगल रहा है।

ज्ञातव्य है कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि डोकलाम मसले को हल करने के लिए चीन कोई सकारात्मक कदम उठाएगा। वहीं चीन ने राजनाथ सिंह की उम्मीद को खारिज करते हुए कहा था कि भारत को बिना शर्त अपनी सेना हटानी ही होगी।

गौरतलब है कि चीन और भारत के बीच डोकलाम में सडक निमार्ण को लेकर विवाद शुरू हुआ था। ज्ञातव्य है कि चीनी सेना डोकलाम के विवादित क्षेत्र में सडक निर्माण करा रही थी। भारतीय सैनिकों ने इस पर आपत्ति जताई और सडक निर्माण का कार्य रूकवा दिया था। इसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव बरकरार है। इस बीच एक दो बार चीनी सैनिकों और भारतीय सैनिकों के बीच छोटी झडपें भी हुई।

आपको बता दें कि चीन लगातार भारत को डोकलाम से अपनी सेना हटाने को कह रहा है। साथ ही वह भारत को युद्ध की धमकी भी दे रहा है। चिंता का विषय यह है कि अगर चीन डोकलाम में सडक बनाने में कामयाब रहता है तो उसके लिए कभी भी उत्तर-पूर्व के हिस्से तक शेष भारत की पहुंच को रोक देना आसान हो जाएगा।

Similar News