राजनाथ ने कहा - लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा अस्वीकार्य

Update: 2017-07-30 00:00 GMT


नई दिल्ली।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने केरल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यकर्ता की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा अस्वीकार्य है। उन्होंने इस मुद्दे पर केरल के मुख्यमंत्री मंत्री पिनरई विजयन से भी बात की।

राजनाथ सिंह ने रविवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जारी संदेश में कहा कि केरल में राजनीतिक हिंसा की हालिया घटनाओं पर आज केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से बात की। मैंने केरल में कानून और व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा अस्वीकार्य है।

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि मुझे उम्मीद है कि केरल में राजनीतिक हिंसा रुकेगी और हमलावरों को शीघ्र न्याय के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि केरल के तिरूवनंतपुरम शहर के नजदीक शनिवार देर रात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता 34 वर्षीय ई राजेश की हत्या कर दी गई। राजेश पर शनिवार रात 9 बजे एक समूह ने हमलाकर दिया था। हमलावरों ने राजेश पर 40 बार तेजधार हथियार से हमला किया और उनके बांये हाथ को काट दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

Similar News