SwadeshSwadesh

भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, रुकी अमरनाथ यात्रा

Update: 2017-06-30 00:00 GMT


जम्मू।
अमरनाथ यात्रा शुरू होते ही मौसम की मार पड़ने लगी है। जम्मू-कश्मीर के नेशनल हाइवे पर भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया है। तेज़ बारिश और भूस्खलन के कारण उधमपुर से होने वाली अमरनाथ यात्रा तत्काल रोक दी गई है। इसलिए यात्रा को फिर से शुरू करने के लिए प्रशासन जुट गया है।

अब अमरनाथ यात्रा गुरुवार से शुरू हो गई। कल तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। करीब 6 हजार तीर्थयात्रियों ने पूजा की। कश्मीर के रामबन और उधमपुर जिलों में आज भूस्खलन होने के कारण 300 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है जिससे वहां वाहनों का यातायात फिलहाल नहीं हो रहा है। नाशरी, बाली नाला और पैथिंयाल इलाकों में भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन से राजमार्ग अवरूद्ध हो गया, जिसके कारण कई वाहन वहां फंस गए। यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, भारी बारिश के कारण रामबन और पैथिंयाल इलाके के बीच राजमार्ग पर दो या तीन जगह भूस्खलन हो गया।

उन्होंने बताया कि उधमपुर जिले के बाली नाला के पास राजमार्ग पर एक बड़ा भूस्खलन हुआ। वहीं रामबन जिले में नाशरी सुरंग के पास मामूली भूस्खलन हुआ। नाकेबंदी के दौरान राजमार्ग में आ कर मिलने वाले विभिन्न रास्तों पर 150 से अधिक वाहन फंस गये।  उन्होंने बताया कि मशीनों सहित बीआरओ के कर्मचारी राजमार्ग से मलबा हटा कर उसको साफ करने की कोशिश कर रहे है ताकि यातायात व्यवस्था  सुचारू हो सके। यातायात पुलिस अधिकारी ने बताया कि बारिश के कारण काम बाधित हो रहा है।

Similar News