1450 से 4830 का मिल रहा है लाभ एक जुलाई से लागू होगा जीएसटी
ग्वालियर, न.सं.। पूरे देश में कर प्रणाली को एक समान करने के लिए सरकार द्वारा एक जुलाई से जीएसटी (गुड्स एंड सर्विस टैक्स) को लागू किया जा रहा है। जीएसटी के आने से जहां कुछ वस्तुएं महंगी होंगी वहीं कुछ वस्तुएं सस्ती भी होने वाली हैं। जीएसटी में कर का दायरा 5, 12, 18 एवं 28 प्रतिशत है। जीएसटी के आने से जिन वस्तुओं के दाम बढ़ने वाले हैं उन कंपनी मालिकों ने अपना स्टॉक खत्म करने के लिए वाहनों के दामों को सस्ता कर दिया है। एक दोपहिया वाहन कंपनी द्वारा अपने वाहनों पर 1450 से 4830 रुपए का लाभ दिया जा रहा है। वहीं अन्य कंपनी मालिकों द्वारा भी अपने वाहनों पर 700 से 2200 रुपए तक की छूट दी जा रही है। मिली जानकारी के बाद जीएसटी आने के बाद सभी वाहन महंगे हो जाएंगे। जानकारी के अनुसार वाहनों पर कर का दायरा 28 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा।
खरीदारी के लिए यह समय अच्छा है
जीएसटी आने के पहले खरीदारी के लिए वर्तमान समय बेहतर चल रहा है। व्यापारियों में जीएसटी का इतना खौफ है कि वह अपने यहां रखे सभी स्टॉक को खत्म कर रहे हैं। स्टॉक जल्दी से जल्दी खत्म हो इस दिशा में व्यापारियों ने वस्तुओं के दाम कम कर दिए हैं। व्यापारियों के अनुसार जीएसटी लागू होने के बाद अधिकतर वस्तुओं के दाम घट-बढ़ सकते हैं। वर्तमान में इलेक्ट्रोनिक्स आयटम पर 10 से 40 प्रतिशत और कपड़ों पर 30 से 45 प्रतिशत तक की छूट ग्राहकों को प्रदान की जा रही है।