SwadeshSwadesh

सदन में अरबों के बजट को मिली हरी झंडी

Update: 2017-05-09 00:00 GMT

अमृत योजना, स्मार्ट सिटी व स्वच्छ भारत मिशन पर होंगे करोड़ों खर्च

झांसी। नगर निगम के सदन हॉल में वर्ष 2017-18 के बजट को लेकर शहर के विकास कार्यों पर महापौर किरन वर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें समस्त पार्षदों ने बजट पर अपनी सहमति जतायी। साथ-साथ कुछ पार्षदों ने बजट को लेकर शहर के सौन्दर्यीकरण पर अपनी राय भी दी। जिस पर नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने पार्षदों के सुझावों पर अपनी सहमति जताते हुये शहर के विकास में पार्षदों के सुझावों पर कार्य करने के लिये अपनी सहमति जतायी।

गत दिवस कार्यकारिणी की बैठक में 2016-17 व 2017-18 के बजट को लेकर चर्चा की गई थी। जिसमें विभिन्न मदों पर खर्च होने वाले बजट पर गहन मंथन हुआ। जिसमें अमृत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी को लेकर आये बजट पर सहमति जतायी गई।

 शहर की प्रकाश व्यवस्था के लिये भी नगर आयुक्त अरुण प्रकाश द्वारा एक प्रपोजल रखा गया था, जिसमें बताया गया कि एक कंपनी द्वारा एलईडी के माध्यम से पांच साल तक शहर की प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी ली जा रही है। जिससे नगर निगम को लाभ होगा। वहीं साथ-साथ कूड़ा कलेक्शन के लिये डोर-टू-डोर का कार्य भी तेजी से किया जाएगा।

 कूड़ा कलेक्शन के लिए गत वर्षों जो योजना चलायी गई थी जिसमें एक कंपनी द्वारा बिजौली में प्लांट लगाने की योजना तय की गई थी जिसमें 30 लाख रुपये उक्त कंपनी को दिया गया था। लेकिन उक्त योजना में कंपनी विफल रही। जिस पर नगर निगम द्वारा कानूनी कार्यवाही की गई और उक्त कंपनी से जिम्मेदारी वापस ली गई।
अब पुन: कूड़ा कलेक्शन के साथ डोर-टू-डोर का कार्य शहर की सफाई व्यवस्था के लिए किया जा रहा है। शहर के विकास कार्यों के लिये जो धनराशि बजट में आयी है उससे नगर निगम के विभिन्न मदों पर कार्य किया जाएगा। जिससे शहर स्वच्छ व सुंदर बन सके।

सदन की अंतिम बैठक में आये पार्षदों ने अपने पांच साल के कार्यकाल में रखे गये प्रस्तावों पर अपने विचार रखे। जिसमें महिला पार्षदों ने भी सदन की अंतिम बैठक में अपने कार्यों के बखान किये। अंत में शहर के विकास कार्यों के लिये शासन द्वारा जो बजट पास किया गया, उसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।

बैठक के दौरान नगर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव पारीछा, केन्द्रीय मंत्री उमा भारती प्रतिनिधि डा.जगदीश सिंह चौहान, अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह, लेखाधिकारी रामकिशोर, मुख्य अभियंता आरके वर्मा, मुख्य लेखा पर्यवेक्षक सत्येन्द्र सिंह, डा. आरके निरंजन, महेशचंद्र वर्मा, सदन प्रभारी केशवप्रसाद सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Similar News