अंतर्राष्ट्रीय पंचाट केंद्र बन रहा है भारत : प्रधान न्यायाधीश जेएस खेहर
नई दिल्ली। भारत के प्रधान न्यायाधीश जेएस खेहर ने शनिवार को कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय पंचाट का केंद्र बन रहा है और सरकार के हस्तक्षेप न करने से विदेशी व्यापारियों का भरोसा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि विदेशी निवेश के चलते अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता की संभावना बढ़ रही है।
प्रधान न्यायाधीश ने दो दिवसीय गोष्ठी ‘एंगेजिंग एशिया आर्ब्रिटेशन समिट’ में कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ योजना देश को उभरते बाजारों के बीच एक पसंदीदा बाजार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार नियोजन की दिशा में प्रयास कर रही है कि अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता में उसका या उसकी एजेंसियों का दखल न रहे। ऐसा होने पर विदेशी व्यापारियों को लगेगा कि यह प्रक्रिया निष्पक्ष है और इससे पंचाट में व्यापारियों का विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत के पास बड़ी संख्या में वकील और मध्यस्थ हैं| एशिया में अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक पंचाट का भविष्य भारत से जुड़ा होना चाहिए।