SwadeshSwadesh

कछुए के खोल सहित पिता-पुत्र गिरफ्तार

Update: 2017-04-22 00:00 GMT

आगरा। कछुए के खोल के साथ पिता-पुत्र को वन विभाग की टीम ने पकड़ा है। उनसे सात किलो से अधिक कछुए के खोल बरामद हुए हैं। वन विभाग ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

आगरा में दुर्लभ प्रजाति के कछुए पाए जाते हैं। उनकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में काफी कीमत है। इसके चलते यहां तस्कर सक्रिय हैं। वन विभाग को तस्करों द्वारा कछुओं के खोल की तस्करी करने की सूचना मिली थी। इसके बाद विभागीय टीम ने दयालबाग के नगला पदी स्थित गणेश नगर से पिता-पुत्र उपेंद्र सैनी और आशीष कुमार को पकड़ लिया। दोनों को पकडऩे में बाईपुर रेंज के वनरक्षक शिवसिंह और धर्मवीर सिंह ने प्रमुख भूमिका निभाई। वन विभाग ने अपने यहां मुकदमा दर्ज करने के बाद दोनों को पुलिस को सौंप दिया। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी केके सिंह ने बताया कि बरामद खोल दुर्लभ प्रजाति के हैं या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हुआ है। हम टर्टल सर्वाइवल अलाइंस (टीएसए) से इसकी पहचान करा रहे हैं।

पिछले दिनों पकड़ा गया था अंतर्राष्ट्रीय गिरोह
ताजनगरी में 21 मार्च को एसटीएफ व वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर तस्करी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के सरगना अजय सिंह और मैनपुरी के दीपेंद्र को पकड़ा था। दोनों के पास से दुर्लभ प्रजाति के 22 लाल तिलकधारी कछुए बरामद किए गए थे। उन्होंने सिंगापुर, थाईलैंड व अन्य देशों में तस्करी की बात स्वीकारी थी।

Similar News