SwadeshSwadesh

नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर निगम का किया औचक निरीक्षण

Update: 2017-04-15 00:00 GMT

वाराणसी। सत्ता सभालने के एक माह के अन्दर ही योगी सरकार के मंत्री फार्म में आ गए है। शनिवार की सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पहली बार कैबिनेट मंत्री बनने पर आए संसदीय कार्य नगर विकास एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री सुरेश कुमार खन्ना अचानक नगर निगम में पहुंच गए।
मंत्री के नगर निगम में पहुंचते ही अफसरों और कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया। नगर विकास मंत्री के नगर निगम पहुंचने तक महापौर रामगोपाल मोहले और नगर आयुक्त हरि प्रताप शाही भी कार्यालय नही पहुंच पाए थे। सुबह दस बजे ही नगर निगम मुख्यालय में धमक पड़े नगर विकास मंत्री ने निगम के अन्दर प्रवेश करने वाले रास्तो को बन्द करवा दिया। ताकि देर से आने वाले कर्मचारी पिछले दरवाजे से न दाखिल हो जाय। नगर विकास मंत्री ने इस दौरान उपस्थिति पंजिका मंगवा कर चेक भी किया।

चेकिंग में डेढ़ दर्जन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। तब तक सूचना पाकर नगर आयुक्त पहुंच चुके थे। इस दौरान काबीना मंत्री ने समय से कार्यालय नहीं आने वाले कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश भी दिया । निरीक्षण में निगम परिसर में गंदगी देख मंत्री ने नगर आयुक्त को जमकर फटकार लगाई। कहा कि सरकार बदल चुकी है इसलिए अब व्यवस्था में बदलाव दिखना चाहिए। नगर निगम में सारे कर्मचारी समय से आये और अधिक से अधिक कामकाज करें। कहा कि वह फिर यहां पर आयेंगे। सफाई व्यवस्था व कामकाज संतोषजनक नहीं मिला तो कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के बाद खन्ना सीधे कमिश्नरी सभागार के लिए रवाना हो गए।

बतादें, काशी के सुनियोजित विकास को अमली जामा पहनाने के लिए सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूत के रूप में आए संसदीय कार्य नगर विकास एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री सुरेश कुमार खन्ना कमिश्नरी सभागार में मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण के साथ मैराथन बैठक कर योजनाओं की जानकारी लिया।

Similar News