SwadeshSwadesh

छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास, आरक्षक गिरफ्तार

Update: 2017-03-18 00:00 GMT

-आरोपी आरक्षक का होगा डीएनए परीक्षण
-दो आरोपी नामजद

ग्वालियर| छात्रा को घर से जबरन उठाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने वाले बेहट थाने के आरक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला थाने में पुलिस ने आरोपी आरक्षक के बयान दर्ज कर उसके और एफआरवी चालक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी का डीएनए परीक्षण कराया जाएगा तथा जांच के बाद धाराओं में भी बढ़ोत्तरी की जाएगी।

बेहट गांव में रहने वाली कक्षा दसवीं की छात्रा को घर से जबरन ले जाकर सुनसान क्षेत्र में दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी आरक्षक राघवेन्द्र नरवरिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने राघवेन्द्र और एफआरवी चालक अरुणपाल गुर्जर के खिलाफ धारा 376 के तहत कायमी कर ली है। आरक्षक राघवेन्द्र को गिरफ्तार करने के बाद महिला थाने में लाकर पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। पुलिस ने दूसरे आरोपी अरुणपाल गुर्जर की भी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी आरक्षक का डीएनए परीक्षण भी कराएगी। इसके लिए उसके रक्त नमूने लिए गए हैं। जांच के बाद आरोप सत्य पाए गए तो दोनों आरोपियों के खिलाफ पास्को एक्ट सहित अन्य धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं। इस मामले में पीड़ित छात्रा की शिकायत को पुलिस प्रारंभ में संदेह भरी नजरों से देख रही थी। इस पर छात्रा और उसके परिजनों ने पुलिस पर दबाव डालने का आरोप लगाया था। बाद में पुलिस ने पीड़ित छात्रा की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म की कायमी कर ली। पुलिस अब इस मामले में हर कदम फूंक-फूंककर रख रही है।

शहर में पुलिस की फजीहत
पुरानी छावनी थाने में पुलिस कर्मियों द्वारा होली पर हुड़दंग करते हुए सरेआम शराब की बोतल लहराते हुए डांस करने का वीडियो वायरल होते ही जहां भोपाल तक हड़कम्प मचा हुआ है वहीं बेहट थाने के आरक्षक द्वारा छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने के मामले ने पुलिस की और ज्यादा फजीहत कर दी है। विभाग के लोग दोनों घटनाओं पर शर्मसार हो रहे हैं। पीड़ित लोग अक्सर पुलिस से सुरक्षा के साथ न्याय की उम्मीद करते हैं, लेकिन यहां तो रक्षक ही भक्षक बन रहे हैं। ऐसे में पीड़ितजन इंसाफ किससे मांगने जाएंगे।

इन्होंने कहा
आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका डीएनए परीक्षण भी कराया जा रहा है। पुलिस दूसरे आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।

राजेश कुमार त्रिपाठी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहात

Similar News