अमित शाह ने कहा - यूपी निकाय चुनाव में मिली सफलता केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों का परिणाम
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के स्थानीय निकाय के चुनावों में भाजपा को मिली शानदार सफलता पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश की जनता, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पांडेय समेत पार्टी कार्यकर्ताओं व संगठन पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘सबका साथ, सबका विकास’ नीति और राज्य सरकार की सुशासन एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं के प्रति राज्य की जनता की आस्था और विश्वास की जीत है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव के नतीजों की भांति ही गुजरात में भी भाजपा को सफलता हासिल होगी और 18 दिसम्बर को गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी ऐसे ही परिणामों की पुनरावृत्ति होगी।
भाजपा अध्यक्ष ने शुक्रवार को आए निकाय नतीजों के बाद यहां एक बयान जारी कर कहा कि समाज के हर तबके खासकर गरीब, दलित, पिछड़े, शोषित और वंचित ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों का समर्थन किया है और प्रधानमंत्री के जनहित के फैसलों पर मुहर लगाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम से यह स्पष्ट हो गया है कि जनता ने आर्थिक सुधारों को सहर्ष स्वीकार किया है और जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को फिर से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से स्थानीय निकाय से लेकर सभी स्तर के चुनावों में जनता का निरंतर समर्थन भाजपा को मिल रहा है और यह विजय यात्रा हमारा मनोबल ऊंचा करके हमें और जनोन्मुखी सेवा हेतु शक्ति दे रही है।
शाह ने कहा कि जनता का यही सहयोग गुजरात चुनाव में भी मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता नए भारत की नीतियों और विकास आधारित सरकार के एजेंडे को आत्मसात कर चुकी है। उन्होंने कहा कि आज की तरह ही 18 दिसम्बर को भी गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी ऐसे ही परिणामों की पुनरावृत्ति होगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र और राज्य सरकारें सदैव गरीब कल्याण के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास चाहती है और निरंतर नकारात्मक और संकीर्ण राजनीति को खारिज कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की अभूतपूर्व विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और भाजपा की पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस की नीति में जनता की अटूट आस्था का यह एक और उदाहरण है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में 16 नगर निगम, 198 नगर पालिका परिषद और 438 नगर पंचायतों में तीन चरणों में चुनाव हुए थे। जानकारी के अनुसार 16 नगर निगम में से भाजपा ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों की सीटों पर अन्य विपक्षी दलों की तुलना में बढ़त बनाए हुए है। भाजपा ने अयोध्या, वाराणसी, मथुरा, इलाहाबाद, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, आगरा, झांसी सहित लगभग सभी क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन किया है। जबकि सपा, बसपा और कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया है।