SwadeshSwadesh

इंतहा हो गई, इंतजार की

Update: 2017-11-05 00:00 GMT


ग्वालियर/ विशेष प्रतिनिधि। भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता प्राधिकरण, निगम, मण्डल सहित अन्य विभागों में लम्बे समय से खाली पड़े पदों पर नियुक्तियों का इंतजार करते-करते थक गए, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में केन्द्र और प्रदेश में भाजपा की बहुमत वाली सरकारें काबिज हैं, ऐसा भाजपा कार्यकर्ताओं की अटूट मेहनत का परिणाम है। इस नाते पार्टी का फर्ज बनता है कि वह कार्यकर्ता को यथोचित महत्व का पद भी दे, यह पद संगठन का भी हो सकता है और सरकारी भी। लेकिन ग्वालियर के मेहनतकश कार्यकर्ता लम्बे समय से प्राधिकरण, निगम, मण्डल सहित अन्य स्थानों पर पद की चाहत में इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सत्ता और संगठन यह नाम फायनल नहीं कर पा रहे जिससे उनमें मायूसी है।

इस बार भी अधिकारी चलाएंगे मेला

नेताओं और कार्यकर्ताओं को सबसे ज्यादा इंतजार ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण में नियुक्तियों का है। यहां अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के अलावा छह संचालक नियुक्त होना है। संचालक मण्डल भंग हुए चार साल बीत चुके, लेकिन नियुक्तियां नहीं होने से यहां अधिकारियों का राज है, वे मनमाने निर्णय ले रहे हैं, जिससे मेले की रौनक लगातार घट रही है। ग्वालियर विकास प्राधिकरण और साडा में ढाई साल पहले अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी। लेकिन जीडीए में तीन उपाध्यक्ष एवं छह संचालकों के पद खाली पड़े हुए हैं। इसके अलावा जेल संदर्शक, प्रदूषण बोर्ड, वित्त निगम, खनिज निगम, पर्यटन निगम, बीज निगम, गृह निर्माण विभाग, रोगी कल्याण समिति, वित्त निगम, किसान आयोग रेडक्रास सोसायटी आदि में नियुक्तियां कर कार्यकर्ताओं को लाया जा सकता है, लेकिन आपसी खींचतान के चलते कोई बात नहीं बन पा रही है। जिससे कार्यकर्ता मायूस हैं।

चुनाव में बचा एक साल

विधानसभा चुनाव में अब एक साल का समय शेष है, यदि शीघ्र ही उक्त नियुक्तियां नहीं हुई तो फिर बात चुनाव बाद तक चली जाएगी। ऐसे में नाराज कार्यकर्ता पार्टी का कितना साथ देगा यह सोचने वाली बात है। क्योंकि चुनाव को देखते हुए विधानसभा के दावेदार उम्मीदवार तो अभी सक्रिय हैं, लेकिन उनके साथ कार्यकर्ता कितने आएंगे इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।

इनका कहना है

प्राधिकरण, निगम, मण्डल और अन्य सरकारी विभागों में नियुक्ति प्रदेश स्तर पर होती है, इसलिए इस बारे में मैं कुछ नहीं बोल सकता।

देवेश शर्मा
जिला अध्यक्ष, भाजपा

Similar News