SwadeshSwadesh

बलात्कार में नाकाम बदमाशों ने महिला को दरांती से किया घायल

Update: 2017-01-12 00:00 GMT

मथुरा। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार बड़े बड़े दावे करती है लेकिन इसके बावजूद आज भी महिलाऐं अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही है। इसका जीता जागता उदाहरण मंगलवार को थाना हाईवे क्षेत्र में देखने को मिला जब दोपहर को खेत में चारा काटने गयी महिला के साथ अज्ञात वहशियों ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। लेकिन महिला के विरोध पर जब वे सफल न हो सके तो उन्होने दरांती से महिला पर प्रहार कर उसे गम्भीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी।  

मिली जानकारी के अनुसार थाना हाईवे क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी महिला मंगलवार की दोपहर को खेत पर अपने ससुर को खाना दे कर लौट रही थी। लौटते समय वह पास के ही खेतों में अपने पशुओं के लिये चारा काटने लगी। इसी दौरान दो अज्ञात युवक खेत में घुस आये और खुद को गांव का ही बताते हुए उसकी अस्मत लूटने का प्रयास करने लगे। लेकिन गांव की इस बहादुर महिला ने उन वहशियों के मंसूबे कामयाब नहीं होने दिये और वो उनसे भिड़ गयी। महिला ने अपनी जान की भी परवाह न करते हुए दोनों को एक बार खदेड़ दिया। तभी उनमें से एक युवक ने महिला के हाथ से दरांती छीनकर उसे जान से मारने के लिये लगातार कई वार किये। इसके बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और वह काफी देर तक उनका मुकाबला करती रही। महिला की चीख पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण उस ओर भागे।

ग्रामीणों को आता देख दोनों युवक भाग खड़े हुए। गम्भीर रूप से घायल हुई महिला को स्थानीय लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना के बारे में महिला से जानकारी ली। महिला के अनुसार उन दोनों में एक को सामने आने पर पहचान लेगी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बुधवार को पुलिस ने जिला अस्पताल लाकर महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है।

Similar News