करगिल युद्ध की याद में सेना आयोजित करेगी श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रम
नई दिल्ली। सेना करगिल युद्ध के दौरान शहीद हुए जवानों की याद में श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है।
मुख्य कार्यक्रम करगिल युद्ध में विजय की 17वीं वर्षगांठ पर द्रास सेक्टर के युद्ध स्मारक में 25 और 26 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सैन्य और नागरिक प्रशासन के गणमान्य व्यक्ति और वीरता पुरस्कारों से सम्मानित जवान और उनके परिवारजन और स्थानीय लोग शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि 1999 की गर्मियों में पाकिस्तान के जवान सर्दियों में खाली रही भारतीय पोस्टों के अंदर घुस आये थे जिन्हें निकालने के लिए सेना ने एक अभियान शुरु किया था। इसमें सेना के कई जवान शहीद हुए थे जिनकी याद में हर वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।
इस दौरान सेना के जवानों की सहायता करने वाले स्थानीय लोगों के लिए कई प्रतिस्पर्धायें और कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। जिसमें पोलो, क्रिकेट, तीरंदाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। 21 और 22 को आयोजित होने वाली इन प्रतिस्पर्धाओं क 23 जुलाई को कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण के साथ समापन होगा।
करगिल समारोह 24 से 26 जुलाई के बीच आयोजित किया जाएगा पहले दो दिन आर्मी बैंड का प्रदर्शन किया जाएगा और विविध कार्यक्रम होंगे जिसमें थलसेना अध्यक्ष द्वारा जवानों को पुष्पांजलि अर्पित करना शामिल है। इन कार्यक्रम के आयोजन के पीछे सेना का मकसद शहीद जवानों को याद करना और देशवासियों को याद दिलाना है कि उनकी रक्षा के लिए सेना के जवानों ने अपना बलिदान दिया है।