SwadeshSwadesh

अमरनाथ यात्रा शुरू, बाबा बर्फानी के दर्शन को निकला पहला जत्था

Update: 2016-07-01 00:00 GMT

अमरनाथ यात्रा शुरू, दर्शन के लिए निकला पहला जत्था

नई दिल्ली। अमरनाथ यात्रा आज से शुरू हो गई। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए शुक्रवार तडक़े जम्मू से श्रद्धालुओं का पहला जत्था श्रीनगर के लिए रवाना हो गया है। श्रद्धालुओं का ये जत्था आज शाम तक श्रीनगर पहुंचेगा। अगर मौसम ने रुकावट नहीं डाली तो ये जत्था शनिवार को बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेगा। अभी तक साढ़े तीन लाख से ज्यादा श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं।

कल से ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन भी शुरू किया गया है। आतंकी धमकियों के बीच सुरक्षा के कडे इंतजाम किए गए हैं। भगवान भोले शंकर के भक्तों की टोली अमरनाथ के पहले दर्शन करने को लेकर काफी उत्साहित है। क्योंकि, सालभर के लंबे इंतजार के बाद लाखों भक्तों में से ये वो किस्मतवाले लोग हैं, जिन्हें बाबा बर्फानी के पहले दर्शन होंगे।

देश के अलग-अलग राज्यों से जम्मू पहुंचे इन भक्तों में महिलाएं और बच्चे भी है। हर बार की तरह आतंकी अमरनाथ यात्रा में बाधा डालने की कोशिशों में लगे रहते हैं। हाल के दिनों में कश्मीर घाटी से हो रही घुसपैठ भी बढ़ी है। जिससे यात्रा पर खतरा ज्यादा बढ़ा गया है। आतंकी खतरों को देखते हुए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। इस बार अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई है। अमरनाथ की पवित्र गुफा तक पहुंचने के दो रास्ते हैं। एक बालटाल से और दूसरा पहलगाम से जाता है। बालटाल से पवित्र गुफा का रास्ता 14 किलोमीटर का है, जबकि पहलगाम से 51 किलोमीटर है।

Similar News