फसल काटने महुखान जा रहे थे मजदूर
मधुसूदनगढ़। खेजरा और नसीरपुर के बीच गांव के पास मजदूरों से भरा पिकअप वाहन पलट गया। हादसे में वाहन में सवार करीब 22 लोग घायल हुए है। जिनमें महिलाएं एवं तीन बच्चे भी शामिल है। घायलों में तीन की गंभीर हालत के मद्देनजर उन्हे गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार लक्ष्मणपुरा निवासी मजदूर महूखान में एक किसान के गेहूं काटने के लिए टाटा मैजिक वाहन में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान खेजरा और नसीरपुर के बीच वाहन पलट गया। वाहन पलटने के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्षमता से अधिक भरी गई थी सवारियांं
हादसे का कारण वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां भरी होने के साथ ही वाहन की तेज गति होना सामने आ रहा है। घटना के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।