डॉक्टरों की लापरवाही ने ली महिला की जान

Update: 2016-12-06 00:00 GMT

नसबंदी ऑपरेशन में बरती लापरवाही पड़ी भारी

मथुरा। नसबंदी ऑपरेशन में लापरवाही के चलते महिला ने 5 दिन जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद सोमवार तडक़े आगरा के एसएन मेडीकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। मृतका ने 30 नबंवर को जिला महिला चिकित्सालय में नसबंदी कराई थी। बताया जाता है कि आंतों में घाव होने व संक्रमण फैलने से महिला की मौत हुई।
मिली जानकारी के अनुसार डैम्पीयर नगर निवासी कुुसुम 30वर्ष पत्नी यशपाल के चार बच्चे हैं। उसकी सबसे छोटी बेटी 6 माह की है। यशपाल अब और बच्चे नहीं चाहता था। कुसुम को बीती 30 नबंवर को नसबंदी के लिए जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी नसबंदी की गई। ऑपरेशन के बाद से ही उसके पेट में दर्द शुरु हो गया जिसकी शिकायत उन्होंने डॉक्टर व स्टाफ से की। लेकिन चिकित्सकों ने सामान्य दर्द कहकर उसे डिस्चार्ज कर दिया। दूसरे दिन कुसुम की हालत ज्यादा बिगड़ गई। जिस पर परिजन फिर उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, मगर यहां चिकित्सकों ने हाथ खड़े कर उसे आगरा के लिए रैफर कर दिया।
परिजन उसे आगरा लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने चैकअप कर बताया कि ऑपरेशन गलत हुआ है। मरीज की आंतों में जख्म है। इंफैक्शन हो गया है। स्थिति गंभीर है। ऑपरेशन करना होगा कुछ भी हो सकता है। मरीज की जान भी जा सकती है। शनिवार को परिजनों की सहमति के बाद कुसुम का दोबारा ऑपरेशन किया गया।
  तब से लेकर आज तक महिला का एसएन मेडीकल कालेज में उपचार चल रहा था। मगर अंतत: वह जिंदगी की जंग हार गई। सोमवार 3 बजे उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पति यशपाल के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों ने लापरवाही बरती, उसकी आंतों में घाव हो गया था, जिस वजह से इंफेक्शन शरीर में फैल गया। आज परिजन दोपहर में जिलाधिकारी व एसएसपी से भी मिले, जहां उन्होंने चिकित्सकों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की मांग की। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Similar News