SwadeshSwadesh

भाजपा ब्रज आईटी सेल ने की पार्टी में नए अध्याय की शुरुआत

Update: 2016-11-07 00:00 GMT

आईटी मैनेजमेंट डिवाइस लांच कर प्रचार में आगे निकली भाजपा

आगरा। उप्र चुनाव में भाजपा अपनी एक नई सेना के साथ सामने आ रही है। हाथों में स्मार्ट फोन के साथ रविवार को आगरा में समूचे ब्रजक्षेत्र के आईटी कार्यकर्ता जुटे और बकायदा पार्टी से जुडक़र उनकी वर्चुअल टीम का हिस्सा बनते दिखाई दिए। आईटी विशेषज्ञों और कार्यकर्ताओं के बीच भाजपा आईटी सेल ने एक नए अध्याय की शुरूआत करते हुए आईटी मैनेजमेंट डिवाइस लांच किया। इसी से साथ भाजपा देश में इस तरह का डिवाइस लांच करने वाली पहली राजनीतिक पार्टी बन गई।
रविवार को होटल वैभव पैलेस में भाजपा ब्रजक्षेत्र की आईटी सैल द्वारा क्षेत्रीय कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व भाजपा प्रदेश आईटी प्रमुख संजय राय, भाजपा ब्रजक्षेत्र संगठन मंत्री भवानी सिंह, आईटी क्षेत्रीय प्रभारी एड. सुरेन्द्र गुप्ता, आईटी विशेषज्ञ दीपक शुक्ला व अभिषेक कौशिक एवं क्षेत्रीय संयोजक गौरव वाष्र्णेय ने ‘आईटी मैनेजमेंट डिवाइस’ का विमोचन किया।
तुलसी पौध देकर किया अतिथियों का स्वागत
कार्यशाला में आईटी सेल के कार्यकर्ताओं ने प्रकृति-पर्यावरण को बचाने का संदेश देते हुए मंचासीन अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ भेंट करने की बजाय पवित्र तुलसी का पौध देकर किया। साथ ही मां सरस्वती की वैदिक प्रार्थना का गान करते हुए मंचासीन अतिथियों के हाथ में पवित्र कलावा का रक्षासूत्र बांधा। कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत के रूप में पौधे का गमला भेंट करके विश्व में पर्यावरण की गंभीर समस्या के समाधान की ओर ध्यान आकर्षित करने का एक सार्थक प्रयास किया गया।
प्रदेशभर में खड़ी होगी संगठनात्मक टीम
बैठक में प्रदेश आईटी प्रमुख संजय राय ने भाजपा की आईटी योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के आगामी विधान सभा के चुनाव में भाजपा के संगठनात्मक मण्डल स्तर तक आईटी की टीम खडी की जा रही है। पूरे प्रदेश में शीघ्र ही  जिला एवं विधान सभा स्तर तक कार्यालय खोल दिये जायेंगे और जिला आईटी कार्यालयों का सीधा सम्बन्ध भाजपा क्षेत्रीय कार्यालयों से होगा। श्री राय ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा आरम्भ हो चुकी है और युवा सम्मेलन, महिला सम्म्मेलन व पिछडा वर्ग सम्म्मेलन आयोजित किये जा रहे हैं। जिसमें आईटी कार्यकर्ताओं की विशेष भूमिका रहेगी।
सोशल मीडिया बनेगा सकारात्मक प्रचार का माध्यम
बैठक में क्षेत्रीय आईटी प्रभारी एड. सुरेंद्र गुप्ता ने आइटी विशेषज्ञों को साइबर यो़द्धा सम्बोधित करते हुए कहा कि आपकी वही भूमिका है, जो देश के वीर जवानों की है। उन्होंने कहा कि साइबर कार्यकर्ता जब माउस चलता है तब परिवर्तन का तूफान खड़ा होता है। कार्यकर्ता सोशल मीडिया द्वारा सकारात्मक प्रचार कर जनता को भाजपा से जोड़ेंगे।
ंइंटरनेट के माध्यम से कार्यकर्ता करें सर्जीकल स्ट्राइक
भाजपा ब्रजक्षेत्र संगठन मंत्री भवानी सिंह ने कहा कि प्रदेश की साढ़े 5 करोड़ जनता सोशल मीडिया से जुड़ी हुई है और युवाओं से आज संवाद का सबसे अच्छा माध्यम इन्टरनेट ही है। देश के नौजवान कार्यकर्ता को जोश के साथा होश भी रखना होगा और इन्टरनेट के माध्यम से सर्जीकल स्टाइक करनी होगी। लखनऊ से आए अभिषेक कौशिक, दीपक शुक्ला ने आईटी की बारीकियों का गहन प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को दिया। वहीं ब्रजक्षेत्र आईटी संयोजक गौरव वाष्र्णेय ने जानकारी दी कि विमोचित डिवाइस के माध्यम से भाजपा उन क्षेत्रों में पहुंचने का प्रयास कर रही है जहां नेटवर्क की समस्या है। बैठक में भाजपा के 16 जिलों से 120 से अधिक आइटी विषेशज्ञो ने भाग लिया। संचालन अकित शर्मा ने किया व सहसंयोजक रामकृपाल सिंह, अंकित गांधी, पियूष एवं शरद चौहान आदि उपस्थित रहे।

Similar News