मुरैना की तस्वीर बदल देंगे: तोमर
मुरैना। भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज मुरैना नगर पालिक निगम चुनाव में महापौर पद के भाजपा प्रत्याशी अशोक अर्गल एवं वार्ड क्र.5 लक्ष्मी दाल मिल के पीछे सिद्धनगर मुरैना में पार्षद पद की उम्मीदवार सुनीता देवी के समर्थन में एक विशाल सभा को संबोधित करते हुये कहा कि अशोक अर्गल के नेतृत्व में हम अगले पांच वर्षो में मुरैना की तस्वीर व तकदीर बदल देंगे, मुरैना को विकसित ग्वालियर बनायेंगे। श्री तोमर ने आज विस्मिल चौराहा, काली माता मंदिर, नैनागढ़ रोड पर भी सभा को संबोधित कर रहे हैं। इस अवसर पर श्री तोमर के साथ दिल्ली भाजपा की महिला नेत्री एवं दिल्ली नगर निगम की पार्षद रह चुकी श्रीमती लता गुप्ता भी मौजूद थी।
इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की कि वह मुरैना को मुरैना नहीं रहने दें, मुरैना को विकसित ग्वालियर बनाना है। उन्होंने कहा कि आपके सहयोग से अगर भाजपा महापौर प्रत्याशी अशोक अर्गल और पार्षद पद के प्रत्याशी मुरैना नगर निगम में जीतें तो विकास के लिए कोई कोर कसर हम नहीं छोड़ेंगे। हम मुरैना में चम्बल का पानी भी लाएंगे, सीवर की लाइन भी बिछाएंगे और इन कार्यों के लिए पैसे की कमी भी नहीं आने देंगे।
श्री तोमर ने कहा कि हम सब लोग एक विशेष निमित्त के लिए एकत्रित हुए हैं। वह निमित्त है नगर निगम चुनाव। पिछले विधानसभा चुनाव 2013 में आप सब जनता का स्नेह भाजपा को मिला। 2014 के लोकसभा चुनाव में भी आपने हमें क्षेत्र से विजयी बनाया। अब नगर निगम का चुनाव है। नगर निगम नगर का विकास करता है। आपसे अनुरोध है कि पार्षद प्रत्याशियों और महापौर चुनाव में पूरे नगर में कमल ही कमल खिले। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में मैं भाजपा का प्रत्याशी था। आपके सहयोग से मैं विजयी हुआ। मैंने पांच साल क्षेत्र में विकास कर आपकी सेवा की। जो विकास कार्य पिछले 50 वर्षों में नहीं हुआ था वह हमारी भाजपा सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि पिछली नगरपालिका कांग्रेस शासित थी। उसके कारण मुरैना की गलियां, सड़कें, सीवर के क्षेत्र में कुछ भी नहीं हुआ। मुरैना की तस्वीर आज कुछ और होती, अगर पिछली बार नगरपालिका भाजपा शासित होती। मैंने पिछले चुनाव में वादा किया था कि अगला चुनाव नगरपालिका का नहीं नगर निगम का होगा। इस बार पिछली बार की तरह आप लोग गलती नहीं करें और भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनायें। आगामी 5 वर्षों में हम अशोक अर्गल के नेतृत्व में मुरैना की तस्वीर और तकदीर बदल देंगे। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों शिवराज सिंह मुरैना आये थे। उन्होंने मुरैना के विकास के लिए 11 करोड़ रुपये खड़े-खड़े मुरैना को दिये। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में नागरिकों को स्वच्छ पेयजल मिले, सीवर की लाइन बिछे, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगे, कचरे की व्यवस्था हो इसके लिए आपको भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाना होगा।
सभा को संबोधित करते हुए महापौर पद के प्रत्याशी अशोक अर्गल ने कहा कि आप सबका आशीर्वाद हर समय मुझे मिला। आपके सहयोग से भाजपा फिर एक बार विजयी होगी। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र सिंह तोमर के प्रयासों से ही मुरैना नगर निगम बनी है। पिछले 10 वर्षों में नगरपालिका पर कांग्रेस का कब्जा था। कांग्रेस नेताओं ने नगर के विकास के लिए अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। इसका खामियाजा कांग्रेस को इस चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
इस अवसर पर दिल्ली की भाजपा नेता लता गुप्ता ने कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा संगठन देश में अग्रणी है। अशोक अर्गल ने सांसद रहते हुए संगठन का नाम बढ़ाया है वह मुरैना नगर के विकास को गति देंगे। विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार ने संबोधित करते हुए कहा कि सुमावली के विकास में नरेन्द्र सिंह तोमर का बहुत बड़ा योगदान है। हमारी विधानसभा की 6 पंचायतें और 10 वार्ड मुरैना नगर निगम के अंतर्गत आ गये हैं। निश्चित रूप से क्षेत्र का विकास होगा। उन्होंने सभी ग्रामीणों से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नेता सियाराम डण्डौतिया, गेंदालाल परमार, सरदार सिंह, सुरेश उपाध्याय, हवलदार सिंह, पप्पू तोमर, भूरा सिकरवार, अजीत तोमर, कमल सिकरवार, राजेन्द्र गोयल, अतुल तोमर सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। श्री तोमर के समक्ष वार्ड 45 के निर्दलीय प्रत्याशी देवेन्द्र सिंह तोमर ने अपना नाम वापिस लेते हुए श्री तोमर के समक्ष अपने सैकड़ों साथियों सहित भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। श्री देवेन्द्र तोमर ने कहा कि वह इसी क्षण से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए पूरा समय देंगे। इस अवसर पर मंच पर महापौर प्रत्याशी अशोक अर्गल, जिलाध्यक्ष अनूप सिंह भदौरिया, विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार, दुर्गालाल विजय, अशोक यादव, केदार सिंह, लता गुप्ता, योगेन्द्र राणा, राजीव कंषाना, उदयवीर सिंह सिकरवार, रामेश्वर गुर्जर, पार्षद प्रत्याशी सुनीता सरिता, महेश किरार, सोबरन जाटव, आशा सेंगर, मधु डण्डौतिया, कमलेश कुशवाह, योगेश गुप्ता, संजय शर्मा उपस्थित थे।